अंता क्षेत्र के बमूलियाकला गांव में गुरुवार सुबह एक युवक का शव खेत में मिला। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जांच में युवक के पैर पर सांप के डसने के निशान पाए गए हैं। अंता थाने के एएसआई धीरेंद्र सिंह ने बताया कि उन्हें बमूलियाकला के खेत में एक युवक के बेहोशी की हालत में पड़े होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचने पर युवक की पहचान बमूलियाकला निवासी 30 वर्षीय सुरेंद्र कुमार मेघवाल पुत्र रामरतन मेघवाल के रूप में हुई। परिजनों ने पुलिस को बताया कि सुरेंद्र बुधवार को दिन में घर से निकला था, लेकिन रात तक वापस नहीं लौटा। गुरुवार सुबह ग्रामीणों ने खेत में उसके पड़े होने की जानकारी दी। इसके बाद 108 एम्बुलेंस की सहायता से उसे अंता उप जिला अस्पताल लाया गया। डॉक्टर ने जांच के दौरान युवक के पैर पर सांप के डसने के निशान पाए। प्रारंभिक तौर पर सुरेंद्र की मौत का कारण सांप के काटने को माना जा रहा है। पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमॉर्टम करवाकर उन्हें सौंप दिया है।