बारां भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने अंता के उपखंड अधिकारी (SDM) हवाई सिंह यादव के खिलाफ रिश्वत मांगने का मामला दर्ज किया है। कोटा एसीबी के अनुसार एक शिकायतकर्ता ने बताया था कि उसकी प्लानिंग की जमीन पर पूर्व एसडीएम ने आपत्ति लगाई थी। इसे हटाने के लिए वर्तमान एसडीएम हवाई सिंह यादव 5 लाख रुपए की रिश्वत मांग रहे थे। इसके अलावा एक और प्लानिंग की जमीन के एग्रीमेंट पर लगे स्टे को हटाने के बदले में 50 हजार रुपए की अलग से मांग की जा रही थी। शिकायत मिलने पर कोटा एसीबी इकाई के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय स्वर्णकार ने गुपचुप तरीके से इसकी जांच कराई। जांच में एग्रीमेंट पर लगे स्टे को हटाने के लिए 50 हजार रुपए की रिश्वत मांगने की बात सही पाई गई। शिकायतकर्ता के अनुरोध पर एसडीएम 45 हजार रुपए लेने पर राजी हो गए और यह रकम अपने कथित दलाल को देने को कहा। हालांकि, ट्रैप कार्रवाई की जानकारी मिलने से रिश्वत का लेन-देन नहीं हो पाया। रिश्वत मांगने की बात प्रमाणित होने पर एसीबी ने हवाई सिंह यादव के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया है। इस मामले की जांच एएसपी एसीबी बारां करेंगे।