जयपुर के गंगापोल स्थित एपीजे अब्दुल कलाम राजकीय कन्या महाविद्यालय में नव-निर्मित भवन के शुभारंभ एवं भवन प्रवेश कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। हवामहल से विधायक बालमुकुंदाचार्य महाराज कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रहे। विधायक ने फीता काटकर भवन में प्रवेश कराया, जिसके बाद सरस्वती पूजन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. हेमंत पारीक ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की, जबकि संचालन श्रीमती चेतन सहल ने किया। विधायक बालमुकुंदाचार्य ने छात्राओं को शिक्षा के साथ खेल-कूद में भी सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए खेल गतिविधियों को आवश्यक बताते हुए डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम के जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। छात्राओं को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाकर अपने भविष्य को सशक्त बनाने के लिए प्रेरित किया और मानवता एवं मातृभूमि के प्रति प्रेम को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का संदेश दिया। महाविद्यालय के विकास के लिए विधायक ने कई घोषणाएं कीं, जिनमें बास्केटबॉल एवं वॉलीबॉल कोर्ट का निर्माण, इनडोर खेल सुविधाओं की व्यवस्था, खेल सामग्री उपलब्ध कराना, पुस्तकालय का सुदृढ़ीकरण, कंप्यूटर लैब की स्थापना और कैंटीन प्रारंभ करना शामिल है। उन्होंने छात्राओं से सीधा संवाद किया, उनके साथ फोटो खिंचवाई और परिसर में वृक्षारोपण भी किया। कार्यक्रम में महाविद्यालय की छात्राएं, अभिभावक, क्षेत्रीय निवासी एवं शिक्षाविद् उपस्थित रहे। महाविद्यालय विकास समिति के सदस्य मानप्रकाश गुप्ता, सुरेश जी महेश्वरी, राजकुमारी जी ब्रह्मभट्ट, आयुक्तालय कॉलेज शिक्षा से सहायक निदेशक प्रो. आलोक चतुर्वेदी, नोडल महाविद्यालय प्राचार्य प्रो. स्निग्धा शर्मा, राजकीय महाविद्यालय कंवर नगर की प्राचार्य प्रो. सुमन भाटिया भी विशेष रूप से उपस्थित थे। कार्यक्रम में संकाय सदस्यों डॉ. राजकुमार बैरवा, प्रो. निधि माथुर, श्रीमती अनीता कटारा, डॉ. शीबा हैदर एवं डॉ. बचन सिंह ने सक्रिय भागीदारी निभाई। गणगौरी बाजार कन्या महाविद्यालय में भवन निर्माण पर विधायक बालमुकुन्दाचार्य ने ली बैठक गणगौरी बाजार स्थित राजकीय कन्या महाविद्यालय में भवन निर्माण के मुद्दे पर विधायक बालमुकुन्दाचार्य ने संबंधित अधिकारियों और महाविद्यालय के संकाय सदस्यों के साथ बैठक की। कार्यवाहक प्राचार्या डॉ० रेखा शर्मा ने भूमि आवंटन संबंधी जानकारी प्रस्तुत की, जिसके बाद विधायक ने अधिकारियों को भूमि आवंटन और भवन निर्माण कार्य शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त, महाविद्यालय में एनएसएस के तत्वावधान में स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें शैल्बी हॉस्पिटल के चिकित्सकों ने छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया। विधायक बालमुकुन्दाचार्य ने भी शिविर में अपनी जांच करवाई।