बाड़मेर में सोसायटी टू अपलिफ्ट रूरल इकोनॉमी की ओर से सुजलॉन फाउंडेशन के सहयोग से संचालित सुउदय परियोजना की मासिक समीक्षा बैठक गुरुवार को श्योर कार्यालय में हुई। बैठक में बाड़मेर और शिव ब्लॉक के स्टाफ ने अप्रैल 2026 में प्रस्तावित और संपादित गतिविधियों की प्रगति प्रस्तुत की। कार्यक्रम प्रबंधक हनुमान राम चौधरी ने फील्ड स्तर पर आ रही समस्याओं पर चर्चा की। उन्होंने मई 2026 के लिए कार्य क्षेत्रवार जिम्मेदारियां तय की। चौधरी ने ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने, महिला स्वयं सहायता समूहों और पशुपालकों की भागीदारी बढ़ाने, तथा लाभान्वित परिवारों का फॉलोअप करने पर जोर दिया। बैठक में पशु प्रबंधन, उन्नत पशुशाला, गर्मी के मौसम में पशुओं की देखभाल, पर्याप्त पानी, नमक और मिनरल मिक्सर देने जैसी सावधानियों पर भी चर्चा हुई। परियोजना के तहत हरा चारा विकास, सुपर नेपियर, अजोला, रिजका-बाजरी उत्पादन, किचन गार्डन, वृक्षारोपण, नाड़ी साफ-सफाई, वर्षा जल संग्रहण, पीआरए बेसलाइन सर्वे और जन जागरूकता कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना सहित पशुपालकों के बीमा कवरेज बढ़ाने के लिए जागरूकता अभियान तेज करने के निर्देश दिए गए। संयुक्त सचिव डॉ. लता कछवाहा ने स्टाफ से अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ काम करने को कहा। सहायक परियोजना समन्वयक महबूब सिद्धर ने प्रगति रिपोर्ट रखी। संकुल समन्वयक दिनेश कुमार ने मासिक गतिविधियों और नवाचारों की जानकारी दी। अंकिता पांडे ने 25 गांवों में पीआरए और ऑनलाइन सर्वे प्रगति प्रस्तुत की।