जयपुर में 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते पकड़े गए सेना में असिस्टेंट गैरिसन इंजीनियर (AGE) सुधांशु सुमन की संपत्तियों की जांच शुरू हो गई है। सीबीआई से जुड़े सूत्रों के अनुसार, नौकरी जॉइन करने के एक साल बाद ही आरोपी इंजीनियर ने करीब डेढ़ करोड़ रुपए का आलीशान बंगला खरीदा। इसके बाद 30 लाख रुपए की कार भी खरीद ली। दो दिन की रिमांड अवधि पूरी होने पर CBI ने सोमवार को आरोपी को जोधपुर के विशेष कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने उसे 27 अप्रैल तक न्यायिक अभिरक्षा (ज्यूडिशियल कस्टडी) में भेज दिया है। इससे पहले शनिवार को गिरफ्तारी के बाद CBI टीम उसे जयपुर से जोधपुर लेकर पहुंची थी। सर्विस प्रोफाइल और बिल पासिंग का खेल सीबीआई सूत्रों के अनुसार, बिहार के रहने वाले आरोपी सुधांशु सुमन ने साल 2019 में आईआईटी रुड़की से इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी की थी। साल 2023 में उसने मिलिट्री इंजीनियरिंग सर्विसेज (MES) में AGE ('ग्रुप ए' ऑफिसर) के रूप में जॉइन किया। जयपुर के निवारू आर्मी कैंट में असिस्टेंट गैरिसन इंजीनियर के पद पर तैनाती के दौरान सुधांशु के जिम्मे सैन्य क्षेत्र के विभिन्न निर्माण कार्यों और उनसे जुड़े बिलों की तकनीकी जांच व पासिंग जैसे अहम काम थे। इन्हीं अधिकारों का दुरुपयोग करते हुए उसने कथित तौर पर भ्रष्टाचार का रास्ता अपना लिया। एक साल में खरीदा आलीशान बंगला जांच एजेंसी के सूत्रों ने बताया कि एमईएस जैसी प्रतिष्ठित सेवा जॉइन करने के करीब एक साल के अंदर ही सुधांशु ने महंगी संपत्तियां जुटाना शुरू कर दिया। साल 2024 में उसने बिहार के भागलपुर में लगभग डेढ़ करोड़ रुपए कीमत का एक आलीशान बंगला खरीदा। साल 2025 में जयपुर में करीब 30 लाख रुपए खर्च कर लेटेस्ट टॉप मॉडल की इलेक्ट्रिक एसयूवी (SUV) कार भी खरीदी। इतने कम समय में इस स्तर की प्रॉपर्टी खड़ी करने पर जांच एजेंसी भी हर पहलू को खंगालने में जुटी हैं। आय से अधिक संपत्ति के एंगल से भी जांच सूत्रों के मुताबिक, दो दिन की रिमांड के दौरान सीबीआई ने आरोपी से लंबी पूछताछ की है। उसके बैंक खाते, प्रॉपर्टी के कागजात, डिजिटल रिकॉर्ड और ट्रांजैक्शन डिटेल्स से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारी जुटाई गई हैं। गिरफ्तारी के बाद जयपुर स्थित आवास की तलाशी में 3 लाख रुपए की नकदी भी बरामद हुई थी। सीबीआई सूत्रों का कहना है कि सामने आई इन संपत्तियों और घोषित आय के बीच बड़े अंतर को देखते हुए अब आय से अधिक संपत्ति के एंगल से भी जांच की जा रही है। इसके लिए आरोपी की सैलरी, इनकम टैक्स रिटर्न और लोन के कागजों की जांच की जा रही है। 35 लाख के बिल पर मांगी थी 90 हजार की घूस दरअसल, जोधपुर सीबीआई डीआईजी राजवीर सिंह के निर्देशन में टीम ने जयपुर में यह ट्रैप कार्रवाई की गई थी। परिवादी ने शिकायत दी थी कि सुधांशु सुमन उसका 35 लाख रुपए बकाया के बिल पास करने के लिए 90 हजार रुपए की घूस मांग रहा था। 10 अप्रैल को यह सौदा तय हुआ और 11 अप्रैल को जब आरोपी 50 हजार रुपए की पहली किस्त ले रहा था, तभी सीबीआई टीम ने उसे रंगे हाथों दबोच लिया था। … यह खबर भी पढ़ें… जयपुर में 50 हजार रिश्वत लेते ट्रैप हुआ आर्मी इंजीनियर:जोधपुर में CBI मामलों के जज के निवास पर किया पेश, दो दिन के रिमांड पर भेजा जयपुर में 50 हजार रुपए रिश्वत लेते गिरफ्तार आर्मी के असिस्टेंट गैरिसन इंजीनियर सुधांशु सुमन को आज जोधपुर में कोर्ट में पेश किया गया। सीबीआई मामलों के जज के निवास पर पेश किया गया। आरोपी को दो दिन के रिमांड पर भेजा गया है। (पूरी खबर पढ़ें)