जिले के स्टार ऑलराउंडर आर्यन बघेल ने 69वीं नेशनल स्कूल अंडर-17 क्रिकेट प्रतियोगिता के लिए राजस्थान टीम में चयनित होकर इतिहास रच दिया है। करीब 16 साल बाद भरतपुर के किसी खिलाड़ी को स्कूली राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए राज्य टीम में जगह मिली है। इससे पहले 2009-10 सत्र में सचिन बंशीवाल का अंडर-19 वर्ग में चयन हुआ था। 69वीं नेशनल स्कूल अंडर-17 क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन एजीएफआई के तत्वावधान में 26 अप्रैल से 1 मई तक तेलंगाना के महबूबनगर में किया जाएगा। राजस्थान टीम के चयन से पहले शिक्षा विभाग ने 25 खिलाड़ियों का कैंप आयोजित किया था, जिसमें भरतपुर से आर्यन बघेल और अनमोल शर्मा शामिल थे। कैंप में प्रदर्शन के आधार पर अंतिम 16 खिलाड़ियों का चयन किया गया, जिसमें आर्यन ने अपनी जगह पक्की की। वे टीम में बतौर ऑलराउंडर शामिल किए गए हैं। आर्यन एसआर क्रिकेट एकेडमी में नियमित अभ्यास करते हैं। आर्यन के पिता गब्बर सिंह उर्फ पटेल सिंह रेलवे में कार्यरत हैं, जबकि माता गृहिणी हैं। उनके चयन पर कोच पुष्पेंद्र सिंह, अमर विद्या मंदिर के मालिक प्रशांत शर्मा सहित अन्य ने बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई है। लेफ्ट आर्म स्पिन और लेफ्ट हैंड बैटिंग में दमदार ऑलराउंडर आर्यन बघेल अपनी लेफ्ट आर्म स्पिन गेंदबाजी और लेफ्ट हैंड बैटिंग के लिए जाने जाते हैं। गेंदबाजी में वे मिडिल ओवर्स में सटीक लाइन-लेंथ के साथ बल्लेबाजों पर दबाव बनाते हुए विकेट निकालने की क्षमता रखते हैं। वहीं बल्लेबाजी में आर्यन जरूरत के मुताबिक पारी को संभालने के साथ स्ट्राइक रोटेट करने में सक्षम हैं।