शुक्रवार को बारिश के साथ ओले गिरने के बाद अलवर में मौसम का मिजाज बदल गया है। रात में ठंडक बढ़ने के साथ शनिवार को न्यूनतम तापमान 17.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह इस महीने का सबसे कम तापमान रहा। इससे पहले 20 अक्टूबर को न्यूनतम तापमान 17.5 डिग्री था। शुक्रवार की तुलना में पारा 1.4 डिग्री गिरा। बारिश के बाद वायु प्रदूषण में भी कमी आई और शहर का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 153 से घटकर 88 पर पहुंच गया। शनिवार सुबह बादल छाए रहे और धूप नहीं निकली। सुबह 11 बजे बाद बादल छंटने पर धूप निकली। दोपहर 2:30 बजे तापमान 31.8 डिग्री दर्ज किया गया। दोपहर 3 बजे बाद पारे में गिरावट शुरू हुई और शाम 6 बजे तापमान 28 डिग्री पर आ गया। रात में फिर ठंडक महसूस हुई। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार रविवार को जिले में छितराए बादल छाए रहने की संभावना है। जिले में शनिवार को न्यूनतम तापमान अलवर शहर में सबसे कम 17.4 डिग्री दर्ज किया गया। रामगढ़ में 18 डिग्री, थानागाजी में 19 डिग्री तथा राजगढ़ और लक्ष्मणगढ़ में 20-20 डिग्री तापमान रहा। एक्यूआई 100 से नीचे, पीएम-10 का स्तर 119: बारिश के बाद अलवर शहर का औसत एक्यूआई 88 दर्ज किया गया। पिछले दिन के मुकाबले इसमें 65 अंक का सुधार हुआ। हालांकि, प्रदूषण के कुछ कणों का स्तर अब भी चिंता का विषय है। शनिवार को पीएम 2.5 का स्तर दोपहर 2 बजे सर्वाधिक 49.51 और पीएम 10 का स्तर इसी समय 119 दर्ज किया गया एक्यूआई 100 से अधिक होने पर वायु गुणवत्ता स्वास्थ्य के लिहाज से नुकसानदायक मानी जाती है। पीएम 2.5 का स्तर 50 से अधिक और पीएम 10 का स्तर 100 से अधिक होने पर भी स्वास्थ्य संबंधी जोखिम बढ़ सकते हैं।