पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने कहा- सचिन पायलट की दोनों टांगे कांग्रेस में हैं और कांग्रेस में रहेंगी। अब जो पहले गुमराह करके हमारे लोगों को मानेसर ले गए थे उनके मन की मन में ही रह जाएगी। सचिन पायलट को अनुभव हो गया है कि इस प्रकार की गलती करने के क्या अंजाम होते हैं। ठीक है ना? इसलिए अब वो समझ गए हैं, संभल भी गए हैं। मैं उम्मीद करता हूं अब वो हमें छोड़ के कभी नहीं जाएंगे और हमारी पूरी पार्टी उनके साथ एकजुट है। बीजेपी के प्रदेश प्रभारी राधा मोहन दास अग्रवाल ने सोमवार को टोंक में पायलट पर तंज कसते हुए कहा था कि पायलट टोंक के स्थानीय विधायक हैं, वे बहुरूपिया हैं, उनकी एक टांग कांग्रेस में रहती है, एक जाने कहां रहती है। जयपुर एयरपोर्ट पर गहलोत ने बीजेपी प्रदेश प्रभारी के बयान पर पलटवार करते हुए पायलट के कांग्रेस में ही रहने और अब उनके संभलने और समझने की बात कहकर नई सियासी चर्चा छेड़ दी है। गहलोत ने मानेसर कांड को फिर ताजा किया, इसके सियासी मायने अशोक गहलोत ने बीजेपी प्रदेश प्रभारी के बयान पर पलटवार कर एक बार फिर पार्टी में नए सियासी विवाद की चर्चाओं को हवा दे दी है। सचिन पायलट खेमे के विधायकों के जुलाई 2020 में बगावत कर मानेसर जाने की घटना को फिर से चर्चा में लाने के पीछे सियासी वजह मानी जा रही है। गहलोत पिछले कई महीनों से लगातार बीजेपी पर सरकारें गिराने की साजिश का आरोप लगाते हुए मानेसर कांड को याद दिला रहे हैं। अब गहलोत ने सचिन पायलट का नाम लेकर फिर पुराने विवाद को ताजा कर दिया है, जिसके सियासी मायने तलाशे जा रहे हैं। पहले फोरगेट एंड फोरगिव का बयान, लेकिन लगातार बयानबाजी गहलोत समर्थक नेता भी मानेसर कांड के बहाने पायलट खेमे पर अंदरूनी तौर पर निशाना साधते रहते हैं। सचिन पायलट खेमे ने सुलह के बाद जब वापसी की थी, तब अगस्त 2020 में अशोक गहलोत ने कहा था कि अब सब 'फॉरगेट एंड फॉरगिव' के तहत आगे की सोचें, मतलब अब भूलों और माफ करो के तहत आगे बढ़ें। गहलोत ने पहले कई बार यह बयान दोहराया, लेकिन बीच-बीच में पायलट खेमे की बगावत को भी याद किया। गहलोत बीजेपी पर सरकारें गिराने की साजिश का आरोप लगाते रहते हैं और साथ में यह भी कहते हैं कि राजस्थान में उनकी साजिश कामयाब नहीं होने दी। राजनीतिक जानकार इसे सचिन पायलट पर प्रहार करने की रणनीति से जोड़कर देखते हैं। पायलट की प्रतिक्रिया से तय होगा सियासी नैरेटिव बीजेपी प्रभारी और गहलोत के बयानों पर अब सचिन पायलट की प्रतिक्रिया का इंतजार है। पायलट इस मामले में जो भी बोलेंगे, उससे कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति के समीकरण और नैरेटिव तय होंगे। पढ़ें ये खबर भी… 'टोंकवासियों ने एक बहरूपिया को विधायक बना दिया':भाजपा राजस्थान प्रभारी राधा मोहन बोले- वे बहुरूपिया, उनकी एक टांग कांग्रेस में, एक जाने कहां बीजेपी के राजस्थान प्रभारी राधा मोहन दास अग्रवाल ने कहा- आप लोगों (टोंकवासियों) ने एक बहरूपिया को विधायक बना दिया। (पढ़ें पूरी खबर)