दशहरे से पहले भरतपुर में खेलों का रोमांच चरम पर रहेगा। 20 अक्टूबर को दशहरा मनाया जाएगा, लेकिन इससे पहले 15 से 19 अक्टूबर तक शहर में एथलीटों का महाकुंभ सजेगा। 70वीं राज्यस्तरीय 17 व 19 वर्ष छात्र स्कूली एथलेटिक्स प्रतियोगिता में प्रदेशभर के करीब 2 हजार खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। प्रतियोगिता में 41 जिलों, 7 एकेडमी और जयपुर द्वितीय की एक टीम सहित कुल 49 टीमें भाग लेंगी। पांच दिन तक लोहागढ़ स्टेडियम में दौड़, कूद और थ्रो की स्पर्धाओं में खिलाड़ियों के बीच मुकाबले होंगे। प्रतियोगिता के लिए शिक्षा विभाग ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। खिलाड़ियों के ठहरने के लिए 49 स्कूलों में व्यवस्था की गई है। प्रतियोगिता के लिए बीकानेर से 70 निर्णायकों का दल आएगा। वहीं, 150 शारीरिक शिक्षक जिम्मेदारियां संभालेंगे। प्रतियोगिता का उद्घाटन समारोह मास्टर आदित्येन्द्र स्कूल में होगा।