प्रदेश में राजस्व का खजाना भरने के लिए खान एवं भू-विज्ञान विभाग ने मिशन मोड पर काम शुरू कर दिया है। विभाग ने प्रदेश के 12 महत्वपूर्ण लाइमस्टोन (चूना पत्थर) ब्लॉक्स की नीलामी के लिए योग्य बोलीदाताओं की सूची जारी करने के साथ ही सोमवार से ऑनलाइन फॉरवर्ड ऑक्शन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। निदेशक एमपी मीणा के अनुसार नीलामी प्रक्रिया 28 अप्रैल, 2026 तक चलेगी। विभाग को भरोसा है कि गोल्ड, लाइमस्टोन और पोटाश के इन नए ब्लॉक्स से मिलने वाले प्रीमियम के जरिए इस वित्तीय वर्ष के 14,000 करोड़ रुपए के महत्वाकांक्षी राजस्व लक्ष्य को आसानी से पा लिया जाएगा। गौरतलब है कि पिछले वित्तीय वर्ष में विभाग को 10,394 करोड़ रुपए का रेवेन्य मिला था। दिग्गज कंपनियों में होड़, जानिए कौन मैदान में? इस नीलामी में जैसलमेर और चित्तौड़गढ़ के ब्लॉक्स के लिए जहां कई कंपनियां आमने-सामने हैं।, जबकि नागौर में अलग स्थिति है। जैसलमेर के मिनयूं की ढाणी (वेस्ट एवं मेन) ब्लॉक के लिए नुवोको विस्टास, डालमिया भारत, स्टार सीमेंट और मंगलम सीमेंट प्रमुख दावेदार हैं, जबकि चित्तौड़गढ़ के कारुंडा, मालियाखेड़ी और धनोरा ब्लॉकों के लिए जेके सीमेंट, वंडर सीमेंट, बिड़ला कॉर्पोरेशन और जानकी कॉर्प प्रमुख दावेदार के रूप में सामने आए हैं। वहीं नागौर जिले के एचपीएसबी-01 और 02 ब्लॉकों के लिए अंबुजा सीमेंट लिमिटेड एकमात्र योग्य बोलीदाता है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि नीलामी रोज सुबह 11 से दोपहर 2 बजे तक होगी। हर ब्लॉक के लिए प्राप्त उच्चतम आईपीओ ही नीलामी की शुरुआती कीमत यानी फ्लोर प्राइस मानी जाएगी। खदानों की नीलामी 20 अप्रैल से 28 अप्रैल के बीच की जाएगी।