पुलिस ने बड़ेसरा गांव में 13 वर्षीय जुड़वां भाइयों के हत्या के मामले में एक और आरोपी को पकड़ा है। बच्चों की मां और उसके कथित प्रेमी की गिरफ्तारी के बाद बच्चों के 15 वर्षीय बड़े भाई की भूमिका भी सामने आई है। पुलिस ने नाबालिग बड़े भाई को निरुद्ध किया है। आरोप है कि हत्या के बाद दोनों बच्चों के शवों को ठिकाने लगाने में उसने अपनी मां की मदद की थी। रात डेढ़ बजे गहरी नींद में थे दोनों बच्चे जांच से जुड़े घटनाक्रम के अनुसार वारदात रात करीब डेढ़ बजे हुई। उस समय प्रीति और उसका कथित प्रेमी राजेश घर में मौजूद थे, जबकि दोनों बच्चे गहरी नींद में सो रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान दोनों बच्चों पर कुल्हाड़ी से हमला किया गया। घटनाक्रम के अनुसार एक बच्चे पर उसकी मां प्रीति ने, जबकि दूसरे पर राजेश ने कुल्हाड़ी से वार किया। बच्चों को नींद की गोली दिए जाने की बात सामने नहीं आई है। बताया जा रहा है कि दोनों बच्चे सोते समय ही हमले का शिकार हुए। पुलिस जांच में कथित प्रेम संबंध उजागर होने के डर को हत्या की संभावित वजह माना जा रहा है। करीब 10 साल से दोनों में प्रेम प्रसंग चल रहा था राजेश की पत्नी का बीमारी की वजह से 10 दिन पहले ही निधन हुआ था हत्या के बाद शव ठिकाने लगाने में मदद का आरोप आरोपित घटनाक्रम के मुताबिक हत्या के बाद राजेश अपने घर चला गया। इसके बाद प्रीति ने अपने बड़े बेटे को जगाया। आरोप है कि दोनों ने प्लास्टिक के टब की मदद से एक-एक करके बच्चों के शव घर से बाहर निकाले। बताया जा रहा है कि बड़े बेटे ने शव को मां के सिर पर रखवाने में मदद की और उसके साथ जाकर घर के पास ज्वार-बाजरे की कड़बी के समीप शवों को छोड़ने में सहयोग किया।