पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव परिणामों की घोषणा के बाद बहादुरपुर नगर पालिका क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखा गया। जीत की खबर मिलते ही पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक सड़कों पर उतर आए और एक-दूसरे को बधाई देकर जश्न मनाया। नगर पालिका परिसर और मुख्य बाजार में कार्यकर्ताओं ने जीत के नारे लगाए, जिससे पूरा वातावरण गूंज उठा। समर्थकों ने इस जीत को 'लोकतंत्र की जीत' और 'जनता के अटूट विश्वास' का परिणाम बताया। इस दौरान भारी मात्रा में मिठाइयां बांटी गईं। कार्यकर्ताओं ने राहगीरों, व्यापारियों और स्थानीय निवासियों को मिठाई खिलाकर अपनी खुशी साझा की। इस अवसर पर ग्रामीण पूर्व विधायक जय राम जाटव ने संबोधित करते हुए कहा, "यह जीत केवल एक दल की नहीं, बल्कि बंगाल की संस्कृति और विकास की सोच की जीत है। बहादुरपुर के कार्यकर्ताओं में इस परिणाम को लेकर जो ऊर्जा दिख रही है, वह सराहनीय है।" पूर्व सरपंच इंदु दीक्षित ने कहा कि अब पश्चिम बंगाल से 'गुंडाराज' पूरी तरह खत्म हो जाएगा। समर्थकों ने शांतिपूर्ण तरीके से अपना विजय उत्सव मनाया। देर शाम तक आतिशबाजी का दौर चलता रहा, जिससे पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल बना रहा।