भास्कर न्यूज | झालावाड़ हलधर भगवान बलदाऊजी का तीन दिवसीय पुनर्स्थापना महोत्सव पुरानी जेल रोड स्थित दाऊजी के मंदिर में संपन्न हुआ। जिसमें प्रथम दिवस रविवार को मंत्रोच्चार से सहस्त्रगढ़ दुग्धाभिषेक किया गया। बलदाऊजी के भक्तों द्वारा भजन-कीर्तन किया गया। वहीं दूसरे दिन सोमवार को मूल स्थान पर शंखनाद के साथ भगवान बलदाऊजी की पुनर्स्थापना की गई। जिसमें शामिल दर्शनार्थियों में हर्ष उल्लास देखने को मिला। रसमयी धुनों के मध्य भजन-कीर्तन किया गया, जिसमें भजन गायक अरूण सक्सेना ने मय मंडली बलदाऊजी के भजन गाए। उपस्थित श्रृद्धालुओं ने नृत्य कर हर्षोल्लास से स्थापना पर्व मनाया। इसके बाद प्रसाद वितरण किया गया जिसमें विशेष तौर तैयार की गई खीर का वितरण हुआ। तीसरे दिन मंगलवार को पीपाधाम पीठ के संत महाराज झंकारेश्वरदास त्यागी के सानिध्य में संकीर्तन किया गया। बलदाऊजी की लीलाओं का वर्णन किया,जिसमें समस्त श्रद्धालु शामिल हुए। मंदिर के पुजारी प्रशांत चतुर्वेदी ने बताया कि भगवान श्रीकृष्ण के बड़े भैया हलधर भगवान श्रीबलदाऊजी जिनको दाऊ भैया के नाम से भी जाना जाता है का मंदिर प्राचीन होने के कारण मंदिर का पुनर्निर्माण करवाया गया। शुभ मुहूर्त में प्रभू श्रीबलदाऊजी के विग्रह को मूल स्थान पर पुर्नस्थापित किया गया। आगामी 25 जुलाई एकादशी तिथि को पीपाधाम पीठ के संत महाराज झंकारेश्वरदास त्यागी के सानिध्य में प्रभात फेरी का आयोजन प्रातः काल से होगा।