शहर की यातायात व्यवस्था को अधिक सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए उदयपुर विकास प्राधिकरण (यूडीए) ने बलीचा-प्रतापनगर 4 लेन बायपास पर पुलियाओं की चौड़ाई बढ़ाने की कवायद शुरू कर दी है। इस परियोजना के तहत आयड़ नदी पर बने मौजूदा 2 लेन पुल की जगह नया 4 लेन हाई लेवल ब्रिज बनाया जाएगा। साथ ही सवीना पुलिस थाने के पास स्टेट हाईवे-32 के ओवरब्रिज का विस्तार कर उसे भी 4 लेन में विकसित किया जाएगा। वर्तमान में यहां सड़क संकरी होने के कारण यह हिस्सा बड़ा एक्सीडेंटल जोन बना हुआ है। इस पूरी परियोजना पर 53.43 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। 540 दिन में पूरा होगा काम यूडीए ने इस निर्माण कार्य के लिए ओपन टेंडर जारी कर दिया है। निविदा प्रक्रिया 20 मई से शुरू हो चुकी है, जिसके तहत 6 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन किए जा सकेंगे। इसके बाद 7 जुलाई को यूडीए कार्यालय में तकनीकी और वित्तीय बोलियां (बिड्स) खोली जाएंगी। टेंडर की शर्तों के अनुसार, निर्माण कार्य शुरू होने के बाद इसे 540 दिनों (लगभग डेढ़ साल) की अवधि में पूरा करना होगा। रोज 40 हजार वाहनों का दबाव, संकरी पुलिया से बढ़े रहे हादसे चुनौती : रेलवे ट्रैक से गीतांजली और मादड़ी पुलिया पर फैसला नहीं इस राहत के बीच तकनीकी पेंच भी है। यूडीए ने गीतांजली हॉस्पिटल-मादड़ी में रेलवे ट्रैक के पास फिलहाल सड़क की चौड़ाई नहीं बढ़ाने का फैसला लिया है। ऐसे में पूरे रोड के आधे हिस्से की चौड़ाई बढ़ने व आधे के संकरा रहने से जगह-जगह बॉटलनेक और एक्सीडेंटल जोन बने रहेंगे। यूडीए अधिकारियों ने बताया कि अभी रेलवे द्वारा देबारी से ट्रैक को डबल करने का काम किया जा रहा है। जब तक ट्रैक विस्तार पूरा नहीं होता, तब तक यह तय नहीं हो सकेगा कि यहां पुलिया को कितना लंबा और कैसा बनाना है। रेलवे की स्थिति साफ होने के बाद ही इस हिस्से में पुलिया की चौड़ाई बढ़ाने का कार्य शुरू हो सकेगा। विशेषज्ञों के अनुसार जब तक पूरे हाईवे की चौड़ाई एक जैसी नहीं होगी, तब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं मिल पाएगा।