बालोतरा के 4 श्रद्धालुओं की पंजाब में मौत हो गई। बालोतरा से 12 श्रद्धालु टेंपो ट्रेवलर से अमरनाथ के लिए निकले थे। पंजाब के बठिंडा-बीकानेर नेशनल हाईवे पर उनकी गाड़ी खड़े ट्रेलर में जा घुसी। हादसे में गाड़ी में 4 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 8 लोग घायल हो गए। सभी घायलों को बठिंडा के एम्स में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। हादसा बठिंडा-बीकानेर नेशनल हाईवे पर डाबा जोर गांव, जोधपुर रोमाना और गुरुसर सानेवाला के बीच बुधवार सवेरे करीब 7 बजे हुआ। पहले देखें हादसे से जुड़े PHOTOS बालोतरा से अमरनाथ जा रहे थे श्रद्धालु मिली जानकारी के अनुसार, बालोतरा से 11 से 12 श्रद्धालु टेंपो ट्रैवलर में सवार होकर अमरनाथ यात्रा के लिए रवाना हुए थे। बुधवार सुबह करीब 7 बजे बठिंडा के डाबा जोर गांव, जोधपुर रोमाना और गुरुसर सानेवाला के बीच सड़क किनारे खड़े एक ट्रेलर से उनकी टेंपो ट्रैवलर पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। अंदर फंसे घायलों को बाहर निकाला हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को टेंपो ट्रैवलर से बाहर निकाला गया और तत्काल बठिंडा के एम्स (AIIMS) में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए बठिंडा के सरकारी अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे में मृतक और घायल सभी यात्री बालोतरा क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। इस दुखद घटना की सूचना मिलते ही बालोतरा में मृतकों और घायलों के परिजनों के बीच शोक और चिंता का माहौल है।