बालोतरा जिले के पादरू क्षेत्र के कुण्डल गांव के कानीवाड़ा इलाके की पहाड़ियों पर सोमवार शाम लगी भीषण आग पर देर रात काबू पा लिया गया। आग करीब 2 से 3 किलोमीटर क्षेत्र में फैल गई थी। वन विभाग, पुलिस और करीब 150 ग्रामीणों की संयुक्त टीम ने चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग बुझाई। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, सोमवार शाम करीब 6 बजे कानीवाड़ा की पहाड़ियों से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया। कुछ ही देर में 20 से 25 फीट ऊंची आग की लपटें नजर आने लगीं। तेज हवा और 44 डिग्री सेल्सियस तापमान के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। ग्रामीणों ने बताया कि आग इतनी विकराल थी कि इसकी लपटें करीब 10 किलोमीटर दूर से भी साफ दिखाई दे रही थीं। इससे आसपास के गांवों में दहशत का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। दुर्गम इलाका होने से दमकल नहीं पहुंच सकी पहाड़ी और दुर्गम क्षेत्र होने के कारण दमकल वाहन घटनास्थल तक नहीं पहुंच सके। ऐसे में वन विभाग और पुलिस टीम को ग्रामीणों के सहयोग से मैन्युअल तरीके से आग बुझाने की कार्रवाई करनी पड़ी। 150 ग्रामीणों ने बनाया फायर लाइन सिवाना रेंजर उमराव सिंह, एएसआई लजपत सिंह सिवाना, कांस्टेबल कालू राम और कांस्टेबल विक्रम सिंह मीणा के नेतृत्व में टीम ने ग्रामीणों के साथ मिलकर आग पर नियंत्रण का प्रयास किया। रेत डालकर और आग की दिशा में सूखी घास-फूस काटकर फायर लाइन बनाई गई, जिससे आग को आगे बढ़ने से रोका जा सका। चार घंटे बाद आग पर पाया नियंत्रण करीब चार घंटे की लगातार मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। समय रहते आग बुझा दिए जाने से बड़े वन क्षेत्र को जलने से बचा लिया गया।रेंजर उमराव सिंह ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।