बालोतरा जिले में एचआरआरएल रिफाइनरी के आसपास के क्षेत्र को विकसित औद्योगिक हब के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक बैठक आयोजित की गई। जिला कलेक्टर सुशील कुमार यादव की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में स्थानीय उद्यमियों, उद्योग प्रतिनिधियों और रीको अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में जिला कलेक्टर सुशील कुमार यादव ने कहा कि रिफाइनरी परियोजना के शुरू होने के बाद बालोतरा और आसपास के क्षेत्रों में औद्योगिक विकास की अपार संभावनाएं बनी हैं। उन्होंने बताया कि इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और क्षेत्र आर्थिक रूप से अधिक सशक्त बनेगा। राजस्थान पेट्रो जोन पर चर्चा रीको इकाई प्रभारी कुलदीप दाधीच ने राजस्थान पेट्रो जोन की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि रिफाइनरी के निकट बोरावास-कालावा, सिन्धियों की ढाणी, वेदरलाई, मालियों की ढाणी, थोब और जेरला जैसे क्षेत्रों में औद्योगिक क्षेत्र विकसित किया जा रहा है। डाउनस्ट्रीम उद्योगों के लिए मिलेगी जमीन इस क्षेत्र में पेट्रोकेमिकल आधारित डाउनस्ट्रीम उद्योगों के लिए औद्योगिक भूखंड उपलब्ध कराए जा रहे हैं। राजस्थान पेट्रो जोन को एचआरआरएल रिफाइनरी के पास विकसित किया जा रहा है, जहां पॉलीप्रोपाइलीन एवं पॉलीएथिलीन आधारित उद्योगों की स्थापना की व्यापक संभावनाएं हैं। भूमि आवंटन की प्रक्रिया शुरू उद्योगों के साथ-साथ स्कूल, कॉलेज, ग्रुप हाउसिंग, मल्टीप्लेक्स, हॉस्पिटल, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, रिसोर्ट, होटल-मोटल और मॉल जैसी आधुनिक सुविधाओं के लिए भी भूमि आवंटन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। रीको इन परियोजनाओं में निवेश के इच्छुक निवेशकों से प्रस्ताव आमंत्रित करने की तैयारी कर रहा है, जिससे क्षेत्र में आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर का तेजी से विस्तार हो सके। प्रस्तुतीकरण में यह भी बताया गया कि यह क्षेत्र राष्ट्रीय राजमार्ग, रेलवे और एक्सप्रेस-वे से बेहतर रूप से जुड़ा हुआ है, जिससे निवेशकों को परिवहन और लॉजिस्टिक सुविधाओं का लाभ मिलेगा। बैठक में स्थानीय उद्यमियों ने भी उद्योग स्थापना से संबंधित विभिन्न सुझाव एवं समस्याएं रखीं। उद्यमियों ने भूमि आवंटन प्रक्रिया को सरल बनाने, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, बिजली-पानी की बेहतर उपलब्धता तथा स्थानीय युवाओं को कौशल प्रशिक्षण उपलब्ध कराने की मांग की। बैठक में रीको अधिकारियों, स्थानीय उद्योगपतियों एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।