बालोतरा जिले के सिणेर गांव में शनिवार को प्रदूषण नियंत्रण मंडल ने बड़ी कार्रवाई की। मंडल की टीम ने पुलिस बल के साथ मिलकर चार अवैध कपड़ा फैक्ट्रियों को ध्वस्त कर दिया। इन फैक्ट्रियों के बिजली कनेक्शन भी काट दिए गए। ये फैक्ट्रियां लंबे समय से अवैध रूप से संचालित हो रही थीं। इनके खिलाफ पहले भी कार्रवाई की गई थी, लेकिन कुछ समय बाद इन्होंने दोबारा काम शुरू कर दिया था। लगातार मिल रही शिकायतों और सूचनाओं के बाद मंडल ने यह सख्त कदम उठाया। मशीनरी हटवाकर भवनों को तोड़ा क्षेत्रीय अधिकारी दीपक तंवर ने बताया कि अवैध कपड़ा फैक्ट्रियों के खिलाफ लगातार अभियान जारी है। उन्होंने पुष्टि की कि सिणेर गांव में पहले भी कार्रवाई हुई थी, लेकिन फैक्ट्रियां फिर से चालू हो गई थीं। इसी कारण शनिवार को पुलिस बल के साथ संयुक्त रूप से इन चार फैक्ट्रियों पर दोबारा कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने फैक्ट्री परिसर को खाली करवाया। मशीनरी हटाने के बाद भवनों को जेसीबी की मदद से पूरी तरह तोड़ दिया गया।