बालोतरा में चेन्नई एक्सप्रेस ट्रैक पर फंसे ट्रैक्टर से टकरा गई। ट्रेन चेन्नई से भगत की कोठी, जोधपुर आ रही थी। लोको पायलट ने इमरजेंसी ब्रेक लगाए, लेकिन तब तक ट्रैक्टर ट्रेन की चपेट में आ गया। टक्कर के बाद ट्रैक्टर कई हिस्सों में बिखर गया। ट्रेन का इंजन भी क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद ट्रेन आधे घंटे तक खड़ी रही। सूचना पर रेलवे अधिकारी, कर्मचारी, आरपीएफ और जीआरपी मौके पर पहुंची। रेलवे कर्मचारियों ने इंजन के खराब पार्ट्स बदलकर ट्रेन को समदड़ी स्टेशन पहुंचाया। वहां इंजन को बदलकर ट्रेन को रवाना किया गया। हादसा सोमवार सुबह करीब 9 बजे समदड़ी-अजीत रेलवे स्टेशन के बीच हुआ। गनीमत रही कि किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। देखें … हादसे से जुड़ी PHOTOS रेलवे दोहरीकरण कार्य के दौरान टकराई मशीन दरअसल, जोधपुर के लूणी-समदड़ी-भीलड़ी रेलखंड पर सतलाना, दूधिया और दुदाड़ा स्टेशनों के बीच रेलवे लाइन के दोहरीकरण का काम चल रहा है। समदड़ी-अजीत के बीच पटरियों के पास कंक्रीट को समतल कर रहा ट्रैक्टर बेकाबू होकर पटरी पर आ गया। तभी चेन्नई एक्सप्रेस आ गई। ट्रेन आती देख ड्राइवर ट्रैक्टर को मौके पर छोड़कर भाग गया। लोको पायलट ने तुरंत इमरजेंसी ब्रेक लगाए, लेकिन ट्रेन ट्रैक्टर से टकरा गई। ट्रेन के पहिए में फंस गए ट्रैक्टर के टुकड़े हादसे के बाद ट्रेन को मौके पर ही रोकना पड़ा। ट्रैक्टर के हिस्से इंजन और डिब्बों के आसपास फंस गए थे। इसके बाद रेलवे ट्रैक निर्माण कार्य में लगी अन्य जेसीबी और हाइड्रा मशीनों की सहायता से काफी मशक्कत के बाद रेलवे ट्रैक को साफ किया गया। ट्रेन करीब 11 बजे रवाना हुई। ट्रेन के दो घंटे लेट होने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।