बालोतरा शहर के वार्ड नंबर-16 के निवासियों ने मंगलवार को नालियों पर अतिक्रमण और प्रस्तावित नए नाला मार्ग परिवर्तन के विरोध में कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। लोगों ने इस समस्या के स्थायी समाधान की मांग करते हुए प्रशासन से तुरंत कार्रवाई की अपील की है। पूर्व पार्षद नरसिंगराम प्रजापत ने बताया- औद्योगिक क्षेत्र, राईका न्याति नोहरा और गाहेश्वरी समाज भवन रोड पर करीब 40 वर्षों से नालियां बनी हुई हैं। इन नालियों का गंदा पानी डांगा हॉस्पिटल रोड से होकर खेड़ रोड स्थित बड़े नाले में जाकर मिलता है, लेकिन अब इनकी सफाई में लगातार बाधा आ रही है। अवैध रैंप और मलबा बना समस्या की जड़ मोहल्लेवासियों का आरोप है कि कुछ लोगों ने अपने घरों के आगे पाइप डालकर अवैध रैंप बना लिए हैं। इन रैंप के कारण नालियों की नियमित सफाई नहीं हो पा रही, जिससे गंदा पानी सड़कों पर फैलकर पूरे क्षेत्र में गंदगी और दुर्गंध फैला रहा है। इसके अलावा, कुछ लोगों द्वारा नालियों में रेत और पत्थर डालकर उन्हें बार-बार जाम किया जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस गंभीर समस्या के बावजूद नगर परिषद की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। नाला मार्ग बदलने के प्रस्ताव पर भी उठे सवाल निवासियों ने यह भी आरोप लगाया कि राजनीतिक दबाव के चलते नालियों के पानी का रास्ता बदलने और नया क्रॉस बनाकर उसे कुम्हारों के चौक की ओर मोड़ने की योजना बनाई जा रही है। यह मार्ग औद्योगिक क्षेत्र तक पहुंचने का प्रमुख रास्ता है, जहां स्कूल, अस्पताल और सामाजिक भवन स्थित हैं। गलत ढलान से बढ़ेगा जलभराव और बीमारियों का खतरा लोगों का कहना है कि प्रस्तावित क्रॉस का ढलान सही नहीं है, जिससे गंदा पानी सड़क पर फैल सकता है। इससे आमजन, विद्यार्थियों और मरीजों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। साथ ही मच्छरजनित बीमारियों और दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ सकता है। अतिक्रमण हटाने और निर्माण रोकने की मांग मोहल्लेवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि जिन घरों के आगे अवैध रैंप बने हुए हैं, उन्हें अतिक्रमण मानते हुए तुरंत हटाया जाए। साथ ही, नए क्रॉस के निर्माण कार्य को भी रोका जाए, ताकि क्षेत्र में समस्या और न बढ़े। ज्ञापन सौंपने के दौरान पूर्व पार्षद नरसिंगराम प्रजापत, नरपत, करनाराम, भावेश गजेंद्र, धनराज, मनीष सहित बड़ी संख्या में मोहल्लेवासी मौजूद रहे, जिन्होंने एक स्वर में समस्या के समाधान की मांग उठाई।