डॉ. बीआर अंबेडकर जयंती से पहले सवाई माधोपुर के बौंली में अनावरण पट्टिका को लेकर विवाद हो गया है। नगर पालिका मुख्यालय के पास अंबेडकर सर्किल पर अनावरण पट्टिका लगाए जाने के मामले में बामनवास विधायक इंदिरा मीणा के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं समेत विभिन्न संगठनों के लोगों प्रदर्शन किया। इसके बाद विधायक इंदिरा मीणा सहित कांग्रेस जनों ने बौंली थाने का घेराव कर नारेबाजी भी की। दरअसल, 13 अप्रैल 2025 को बौंली थाना पर भाजपा मंडल अध्यक्ष व बामनवास विधायक इंदिरा मीणा ने पट्टिका विवाद के चलते एक दूसरे मामले भी दर्ज करवाए थे। जानकारी के अनुसार- पिछले साल अंबेडकर सर्किल पर सौंदर्यीकरण के दौरान लगाई गई अनावरण पट्टिका को कुछ असामाजिक तत्वों ने तोड़ दिया था। इसके बाद थाने में मामला दर्ज करवाया गया था। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अंबेडकर जयंती से पूर्व प्रतिमा सौंदर्यीकरण का कार्य करवाया। इस दौरान जब विधायक इंदिरा मीना व तत्कालीन नगर पालिका अध्यक्ष कमलेश देवी जोशी के नाम की अनावरण पट्टिका लगाने का प्रयास किया गया, तो बौंली SHO जितेंद्र सिंह सोलंकी मय जाब्ता मौके पर पहुंचे। विरोध प्रदर्शन के बीच थाना पुलिस ने पट्टिका को बौंली थाना में रखवाया। बामनवास विधायक पहुंची थाने, समझाइश के प्रयास जारी इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं व विभिन्न संगठनों के लोगों ने नगर पालिका कार्यालय पर धरना प्रदर्शन किया। मामले को बढ़ता देख बामनवास विधायक इंदिरा मीणा भी मौके पर पहुंची और अंबेडकर सर्किल पर कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। कार्यकर्ताओं के आग्रह पर विधायक इंदिरा मीणा के नेतृत्व में सैकड़ों लोग मार्च निकालते हुए बौंली थाना पहुंचे और थाना परिसर में पुलिस के विरुद्ध जमकर नारेबाजी की। विधायक इंदिरा मीणा ने कहा कि सालभर पहले सामाजिक तत्वों ने अनावरण पट्टिका को तोड़ा था। इसके बाद जब कार्यकर्ताओं ने दोबारा पट्टिका लगाने का प्रयास किया तो थाना पुलिस ने नियम विरुद्ध अनावरण पट्टी का को जब्त कर थाने में रखवाया। इसके विरोध में यह धरना प्रदर्शन किया गया है। बौंली थाना के बाहर सैकड़ों कार्यकर्ता धरने पर बैठे हुए हैं। फिलहाल थाना परिसर में बामनवास विधायक इंदिरा मीणा सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद है और पुलिस व प्रशासन के लोग समझाइश में जुटे हैं। इनपुट-आशीष मित्तल।