बामनवास पंचायत समिति सदस्य चुनाव के तीसरे चरण में नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद चुनावी तस्वीर पूरी तरह साफ हो गई है। नामांकन वापस लेने के बाद अब प्रत्याशियों के बीच सीधा मुकाबला शुरू हो गया है। बामनवास पंचायत समिति के कुल 23 वार्डों में से अधिकांश सीटों पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस के प्रत्याशी आमने-सामने हैं। वहीं कुछ वार्डों में अन्य राजनीतिक दलों और निर्दलीय प्रत्याशियों की मौजूदगी ने मुकाबले को रोचक बना दिया है। सबसे ज्यादा 6 प्रत्याशी वार्ड संख्या 15 में किस्मत आजमा रहे हैं, जहां भाजपा और कांग्रेस के अलावा बहुजन समाज पार्टी (बसपा) तथा निर्दलीय प्रत्याशी भी मैदान में डटे हैं। ऐसे में इस वार्ड में मुकाबला बहुकोणीय होने के पूरे आसार हैं। निर्दलीय बनेंगे गेम चेंजर कई वार्डों में निर्दलीय प्रत्याशी मुख्य दलों के पारंपरिक वोट बैंक में सेंध लगाकर चुनावी समीकरणों को प्रभावित कर सकते हैं। नाम वापसी की समय सीमा समाप्त होने के बाद अब प्रत्याशी डोर-टू-डोर जनसंपर्क अभियान तेज कर मतदाताओं को अपने पक्ष में साधने में जुट गए हैं। उल्लेखनीय है कि जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव के लिए 3 नवंबर को मतदान कराया जाएगा, जबकि मतगणना 20 नवंबर को होगी।