उदयपुर के कुराबड़ थाना क्षेत्र के बंबोरा में चोरों ने दिनदहाड़े घर में घुसकर चोरी की। चोरों ने मात्र आधे घंटे के अंदर घर में घुसकर आधा किलो चांदी के जेवर, एक तोला सोने के आभूषण और 5 हजार रुपए कैश चुरा लिए। घटना सुबह 10:30 से 11:00 बजे के बीच हुई, जब पूरा परिवार घर से महज 100 मीटर दूर मोहल्ले में चल रहे शादी के लग्न समारोह में व्यस्त था। बंबोरा के गायरियों के मोहल्ले की घटना है। चोरों ने पहले घर के मेन गेट का ताला तोड़ा, फिर कमरे का ताला तोड़कर अलमारी से जेवर और नकदी निकाल ली। पीड़ित राजू गायरी मुंबई में मजदूरी करते हैं। उनकी मां और पत्नी उसी समय मोहल्ले में भाई शंकर गायरी की बेटी के लग्न लिखने के कार्यक्रम में शामिल थीं। चोरी हुए आधा किलो चांदी के जेवरों में पैरों के कड़े और गले के आभूषण शामिल हैं। मोहल्ले में कहीं भी सीसीटीवी नहीं होने के कारण चोरों की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। हालांकि पुलिस ने आसपास की कुछ दुकानों के सीसीटीवी फुटेज चेक किए हैं। कुराबड़ थानाधिकारी तेजूसिंह ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है। फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम भी जल्द मौके पर पहुंचकर जांच करेगी।