बांदीकुई क्षेत्र के नंदेरा गांव में सोमवार रात करीब 10 बजे अचानक छप्परपोश में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की इस घटना में एक मवेशी की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही स्थानीय विधायक भागचंद टांकड़ा मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। घटना के बाद गांव में देर रात तक लोगों की भीड़ जुटी रही। बिजली के तार टकराने से लगी आग की आशंका प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, रात के समय घना अंधेरा होने के दौरान ऊपर से गुजर रहे बिजली के तार आपस में टकरा गए। तारों से निकली चिंगारियां सीधे बनवारी लाल सैनी और पप्पू लाल सैनी के छप्परपोश पर गिर गईं, जिससे कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया। देखते ही देखते आग ने पूरे छप्परपोश को अपनी चपेट में ले लिया। आग लगने से वहां रखा बड़ी मात्रा में तूड़ा भी जलकर राख हो गया। बाड़े में बंधे मवेशी आग की लपटों में फंस गए। इस दौरान एक पाड़ी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य पशु गंभीर रूप से झुलस गए। ग्रामीणों ने अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तेज लपटों के कारण सफलता नहीं मिल सकी। विधायक भागचंद टांकड़ा मौके पर पहुंचे घटना की जानकारी मिलते ही विधायक भागचंद टांकड़ा तुरंत नंदेरा गांव पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात की और नुकसान की जानकारी ली। साथ ही प्रशासनिक अधिकारियों से बातचीत कर राहत और सहायता के निर्देश दिए। पशु चिकित्सकों ने किया घायल मवेशियों का इलाज विधायक के निर्देश पर पशु चिकित्सक हितेंद्र जोशी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायल मवेशियों का प्राथमिक उपचार किया और आगे की चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित की। पशुओं की हालत को देखते हुए लगातार निगरानी रखी जा रही है। दमकल टीम ने पाया आग पर काबू घटना की सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। यदि समय रहते दमकल नहीं पहुंचती तो आग आसपास के अन्य बाड़ों और मकानों तक फैल सकती थी। घटना के दौरान भाजपा शहर मंत्री अजीत भदौरिया, भाजपा नेता प्रकाश शर्मा, ताराचंद सैनी, गिर्राज चौहान सहित कई स्थानीय लोग मौके पर मौजूद रहे। सभी ने राहत कार्यों में सहयोग किया और पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया।