पाली के बांगड़ कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. महेंद्रसिंह राजपुरोहित और विधायक भीमराज भाटी के बीच चल रहा विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। अब विधायक भीमराज भाटी ने एक वीडियो जारी कर कहा है कि उन्होंने प्रिंसिपल पर जो आरोप लगाए हैं, वे सही हैं और उनके पास इसके सबूत भी मौजूद हैं। विधायक ने 2025 की उच्च स्तरीय जांच समिति की रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि जरूरत पड़ी तो वह और सबूत भी सार्वजनिक करेंगे। वहीं प्रिंसिपल ने सभी आरोपों को निराधार बताते हुए कहा है कि सभी वित्तीय और प्रशासनिक कार्य नियमानुसार किए गए हैं। वीडियो जारी कर विधायक ने दोहराए आरोप विधायक भीमराज भाटी ने एक वीडियो जारी किया है। वीडियो में वह फाइल दिखाते हुए कहते नजर आ रहे हैं कि उनके पास अपने आरोपों के सबूत हैं। उन्होंने कहा कि उन्होंने प्रिंसिपल पर जो आरोप लगाए हैं, वे पूरी तरह सही हैं। विधायक ने कहा कि उन्होंने जिन मामलों को उठाया है, उनके संबंध में उनके पास पर्याप्त सबूत मौजूद हैं। उन्होंने यह भी कहा कि यदि जरूरत पड़ी तो वह और दस्तावेज और सबूत भी सामने लाएंगे। 2025 की जांच रिपोर्ट का जिक्र किया वीडियो में विधायक भाटी ने साल 2025 की उच्च स्तरीय जांच समिति की रिपोर्ट का हवाला दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि महाविद्यालय विकास समिति के धन के उपयोग में अनियमितताएं पाई गई थीं। विधायक ने यह भी कहा कि जांच रिपोर्ट में इस बात का भी उल्लेख किया गया था कि एक छात्रा कार्यालय समय के दौरान लगातार प्रिंसिपल कक्ष में मौजूद रहती थी। कार्यक्रम में उठाया था मामला गौरतलब है कि इससे पहले एक कार्यक्रम के दौरान विधायक भीमराज भाटी ने बांगड़ कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. महेंद्रसिंह राजपुरोहित के आचरण और कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए थे। इसके बाद यह मामला चर्चा में आ गया था। विधायक भाटी ने उसी दौरान भी 2025 की जांच रिपोर्ट का हवाला देते हुए आरोप लगाए थे। अब वीडियो जारी कर उन्होंने एक बार फिर कहा है कि उनके लगाए गए आरोप सही हैं और उनके पास इससे भी ज्यादा सबूत मौजूद हैं। प्रिंसिपल ने आरोपों को बताया निराधार मामले में बांगड़ कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. महेंद्रसिंह राजपुरोहित ने विधायक द्वारा लगाए गए सभी आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया है। उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट से संबंधित 401 पन्नों का विस्तृत जवाब आयुक्तालय को भेजा जा चुका है। उनका कहना है कि कॉलेज के सभी वित्तीय और प्रशासनिक कार्य पूरी तरह नियमानुसार किए गए हैं और किसी प्रकार की कोई अनियमितता नहीं हुई है। प्रिंसिपल ने यह भी कहा कि भुगतान समिति की बैठकों के दौरान संबंधित सदस्यों की उपस्थिति रहती थी और सभी प्रक्रियाओं का पालन किया गया था। व्यक्तिगत रंजिश के चलते लगाए जा रहे आरोप : प्राचार्य प्रिंसिपल डॉ. महेंद्रसिंह राजपुरोहित का आरोप है कि विधायक व्यक्तिगत रंजिश के चलते उन पर आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने कहा कि उन्होंने जांच समिति के खिलाफ भी शिकायत की थी। उनका कहना है कि यदि आरोप सही होते तो उनके खिलाफ कार्रवाई होती, लेकिन जांच आगे नहीं बढ़ी। इसी आधार पर उन्होंने आरोपों को निराधार बताया है।