डीडवाना के गवर्नमेंट बांगड़ कॉलेज में स्नातक प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश के लिए डिफॉल्टर विद्यार्थियों को अंतिम मौका दिया गया है। कॉलेज शिक्षा आयुक्तालय के निर्देशानुसार कॉलेज प्रशासन ने मेरिट थर्ड और वेटिंग थर्ड सूची जारी कर दी है। स्नातक प्रवेश नोडल अधिकारी डॉ. बाबू लाल गेदर ने बताया कि जिन अभ्यर्थियों ने प्रवेश के लिए दस्तावेज जमा कर दिए हैं, लेकिन फीस नहीं भरी है, या जिनका नाम मेरिट/वेटिंग सूची में आने के बावजूद उन्होंने दस्तावेज और फीस जमा नहीं करवाई है वे 8 जुलाई 2026 तक सभी औपचारिकताएं पूरी कर सकते हैं। दस्तावेज और फीस जमा कराने की अंतिम तिथि 8 जुलाई निर्धारित की गई है। वर्तमान में कॉलेज में विभिन्न संकायों में प्रथम सेमेस्टर की कई सीटें रिक्त हैं। इनमें बीकॉम में 142, बीबीए में 32, बीएससी (बायोलॉजी) में 6, बीएससी (मैथ्स) में 47 और बीए में 21 सीटें उपलब्ध हैं। महाविद्यालय प्रशासन ने इच्छुक अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि तक अपने सभी मूल दस्तावेजों के साथ महाविद्यालय पहुंचकर प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण करें। प्रवेशित विद्यार्थियों की अंतिम सूची का प्रकाशन 10 जुलाई 2026 को किया जाएगा।