बांसवाड़ा में घर के बाहर बैठी एक महिला पर आवारा कुत्ते ने अचानक हमला कर दिया। कुत्ते ने महिला के हाथ को बुरी तरह काट लिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। महिला की चीख-पुकार सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और कुत्ते को भगाया। इसके बाद परिजन घायल महिला को निजी वाहन से महात्मा गांधी (एमजी) अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने महिला के हाथ पर 10 टांके लगाए। घटना गुरुवार दोपहर सदर थाना क्षेत्र के दशहरा गामड़ी गांव की है। अचानक झपटकर हाथ पर काटा घायल महिला के परिजनों ने बताया - दशहरा गामड़ी निवासी द्वारिका पत्नी खराड़ीलिया गुरुवार को अपने घर के बाहर बैठी थीं। इस दौरान वहां एक आवारा कुत्ता भी बैठा हुआ था। महिला को कुत्ते की मौजूदगी का अंदाजा नहीं था। इसी बीच कुत्ते ने अचानक उन पर झपट्टा मारा और हाथ को पकड़कर काट लिया। महिला के चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के लोग और परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे और कुत्ते को भगाया। गहरा घाव होने पर लगाने पड़े 10 टांके घटना के तुरंत बाद परिजन घायल द्वारिका को निजी वाहन से महात्मा गांधी अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां आपातकालीन वार्ड में डॉक्टरों ने उनका प्राथमिक उपचार किया। हाथ पर घाव गहरा और गंभीर होने के कारण डॉक्टरों को 10 टांके लगाने पड़े। ग्रामीण बोले- आवारा कुत्तों से बना रहता है हमले का खतरा ग्रामीणों ने बताया कि इलाके में आवारा कुत्तों का जमावड़ा लगा रहता है। इससे राहगीरों और बच्चों पर हमले का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से आवारा कुत्तों को पकड़ने की मांग की है।