ठगी के मामले में 10 साल से फरार चल रहे 20 हजार रुपए के इनामी आरोपी रोहित बनर्जी को गिरफ्तार किया है। एसपी सुधीर जोशी के निर्देश पर कलिंजरा थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की। आरोपी ने जयपुर के वैशाली नगर में अपना ठिकाना बना रखा था, जहां दबिश देकर पुलिस ने आरोपी को पकड़ा। जानकारी के अनुसार- उदयपुर निवासी आरोपी रोहित बनर्जी पिता रंजन बनर्जी, सिद्धि संकल्प प्राइवेट लिमिटेड कंपनी का चेयरमैन था। उसने अपने साथियों के साथ मिलकर जिले के छींच कस्बे में करीब 30 से 35 लोगों को 4 साल में पैसा दोगुना करने का लालच दिया था। आरोपी ने एजेंट दिनेश के माध्यम से लोगों के करीब 15 लाख रुपए हड़प लिए और फरार हो गया। इस मामले में कलिंजरा थाने में साल 2015 में प्रकरण दर्ज हुआ था। 2 साथियों को हो चुकी है जेल पुलिस टीम को सूचना मिली कि आरोपी जयपुर के चित्रकूट नगर इलाके में रह रहा है। इस पर थानाधिकारी योगेंद्र कुमार के नेतृत्व में टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार किया। पुलिस अब आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है। गौरतलब है कि इस मामले में पुलिस पूर्व में आरोपी के साथी त्रिभुवन और गिरीश को पहले ही जेल भेज चुकी है।