बांसवाड़ा के राजतालाब थाना क्षेत्र में नयागांव रोड स्थित इंडस्ट्रियल एरिया की सिंटेक्स मिल के गोदाम में सोमवार रात करीब 2 बजे भीषण आग लग गई। आग से गोदाम में रखा लाखों रुपए का कपड़ा जलकर राख हो गया। आग की ऊंची लपटें देखकर मिल परिसर में हड़कंप मच गया। कर्मचारियों ने बाहर निकलकर पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। इसके बाद शहर और आसपास के क्षेत्रों से करीब 10 दमकल वाहन मौके पर पहुंचे। दमकलकर्मियों ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद सुबह 4 बजे आग पर काबू पाया। गोदाम से धुआं और लपटें उठती देख मची अफरा-तफरी मिल के गोदाम के एक हिस्से से अचानक धुआं उठने लगा। कुछ ही देर में आग की लपटें तेज हो गईं और परिसर में अफरा-तफरी मच गई। आग को विकराल होता देख कर्मचारियों ने अपनी जान बचाने के लिए बाहर की ओर दौड़ लगाई। इसके बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। DSP रामकुमार ने बताया- रात में आग लगने की सूचना मिलने पर वे पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। आग की गंभीरता को देखते हुए शहर और आसपास के क्षेत्रों से एक-एक कर करीब 10 दमकल वाहन बुलाए गए। दमकलकर्मियों ने कई घंटे और कई फेरों तक मशक्कत की। इसके बाद मंगलवार सुबह करीब 4 बजे आग पर काबू पाया जा सका। शॉर्ट सर्किट की आशंका, नुकसान का आकलन कर रही पुलिस आग लगने का प्रारंभिक कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि, आग लगने की वास्तविक वजह की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। हादसे में गोदाम में रखा लाखों रुपए का कपड़ा जल गया। किसी जनहानि की सूचना नहीं है। पुलिस और दमकल विभाग की टीम नुकसान का आकलन करने और आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है।