बांसवाड़ा के प्रसिद्ध काली कल्याण गातरोड़ धाम में महाष्टमी और महानवमी पर धार्मिक अनुष्ठान हुआ। महंत सूर्यवीर सिंह चौहान ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ यज्ञ-हवन किया। इसमें 351 किलो हवन सामग्री और 151 किलो शुद्ध घी से आहुतियां देकर विश्व के कल्याण और सुख-समृद्धि की कामना की गई। कार्यक्रम में मां दुर्गा को 1111 लड्डुओं का भोग लगाया गया। वहीं, 1111 कमल के फूलों से विशेष पूजन किया गया। इस दौरान आचार्य किशोर त्रिवेदी और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों और दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं ने भाग लिया। यज्ञ से लोक कल्याण संदेश दिया महंत सूर्यवीर सिंह चौहान ने कहा- नवरात्रि शक्ति, भक्ति और साधना का पर्व है। मां दुर्गा की आराधना से जीवन में शक्ति, साहस और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। उन्होंने कहा कि यज्ञ-हवन केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि लोक कल्याण और समाज में आपसी प्यार का संदेश देने का तरीका भी है। महंत ने श्रद्धालुओं से अपनी संस्कृति, धर्म और संस्कारों से जुड़े रहने और समाज में एकता, सेवा की भावना मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि माता की भक्ति के साथ जरूरतमंदों की सेवा और अच्छे कर्मों को भी जीवन में अपनाना चाहिए। ये रहे मौजूद धार्मिक अनुष्ठान और पूर्णाहुति कार्यक्रम में देवीसिंह चौहान, गिरीश केमकर, सुरेंद्र जैन, पुष्पेंद्र सिंह चौहान, जोरावर सिंह चौहान, खुशवंत सिंह, पृथ्वी सिंह चौहान, सुधीर व्यास, जयंत पाठक, गोपाल दादा, उत्तम सिंह चौहान, रणछोड़ सिंह राव, धर्मवीर सिंह शक्तावत, जगपाल सिंह और कार्तिक सिंह सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।