बांसवाड़ा में निकाय चुनाव संपन्न होने के बाद पार्षदों की जोड़-तोड़ और क्रॉस वोटिंग की आशंका से बचने के लिए भाजपा ने पूरी तरह सतर्कता बरतते हुए अपने 60 पार्षद उम्मीदवारों को बाड़ेबंदी में भेज दिया है। ​दोपहर डेढ़ बजे भाजपा कार्यकर्ता और पदाधिकारी पार्टी कार्यालय पर एकत्र हुए, जहां से सभी उम्मीदवारों को एक लग्जरी बस में बैठाकर सुरक्षित स्थान के लिए रवाना किया गया। इस दौरान पार्टी कार्यालय परिसर में खासा उत्साह और गहमागहमी का माहौल देखने को मिला। ​दिग्गज नेताओं की मौजूदगी में हुई रवानगी पार्षदों की इस बाड़ेबंदी यात्रा के दौरान पार्टी संगठन के कई वरिष्ठ पदाधिकारी व दिग्गज नेता मौके पर मौजूद रहे। रवानगी के समय भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष हकरू मईड़ा और महामंत्री जयपाल डाबी विशेष रूप से उपस्थित रहे। जिन्होंने पूरी प्रक्रिया का संचालन किया और उम्मीदवारों को दिशा-निर्देश दिए। इसके अलावा अन्य स्थानीय पदाधिकारी भी बस को रवाना करते समय साथ नजर आए। ​महिला पार्षदों के साथ उनके पति भी हुए रवाना इस बाड़ेबंदी की एक खास बात यह रही कि जिन वार्डों से महिला पार्षद उम्मीदवार मैदान में हैं, उनके साथ उनके पति भी इस अज्ञातवास यात्रा में साथ जा रहे हैं। संगठनात्मक अनुशासन और चुनावी रणनीति के तहत सभी प्रत्याशियों को आगामी 14 जून को चुनाव परिणाम आने तक एक साथ सुरक्षित रखा जाएगा, ताकि किसी भी प्रकार के राजनीतिक दबाव या अन्य गतिविधियों से बचा जा सके। ​पार्टी नेताओं का दावा है कि बांसवाड़ा निकाय में इस बार भाजपा का बोर्ड पूरी मजबूती के साथ बनेगा और सभी उम्मीदवार एकजुट होकर जीत का परचम लहराएंगे।