बांसवाड़ा शहर में एक ही विभाग में तैनात महिला कर्मचारी और अफसर का विवाद थाने तक पहुंच गया है। जिले के एक थाने में दोनों पक्षों ने एक- दूसरे पर गंभीर आरोप लगाते हुए मामला दर्ज करवाया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। विभाग के अफसर का आरोप है कि 17 अप्रैल को करीब 50 लोगों की भीड़ उनके ऑफिस के बाहर आ गई। उनके साथ धक्का-मुक्की की। उनकी कॉलर पकड़ी और राजकार्य में बाधा पहुंचाई। उन्होंने ऑफिस में तैनात एक महिला कर्मचारी समेत एक अन्य कर्मचारी के साथ एक स्कूल संचालक पर जान से मारने की धमकी देने की शिकायत पुलिस को सौंपी है। आरोप है कि महिला कर्मचारी ने साजिश के तहत भीड़ को फोन और वॉट्सऐप के जरिए वहां बुलाया था। महिला कर्मचारी ने भी करवाया मामला दर्ज ​दूसरी ओर, महिला कर्मचारी ने भी वरिष्ठ अफसर के खिलाफ थाने में रिपोर्ट सौंपी है। उनका आरोप है कि अधिकारी ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया और उनका दुपट्टा खींचा। इसके बाद मौजूद कर्मचारी और अन्य लोग आक्रोशित हो गए थे। हालांकि पुलिस दोनों मामले दर्ज कर जांच में जुट गई है। ​घटना के बाद CCTV कैमरों की फुटेज और वॉट्सऐप चैट की जानकारी भी जुटाई जा रही है। ​थानाधिकारी का कहना है कि दोनों पक्षों की ओर से रिपोर्ट प्राप्त हुई है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।