बांसवाड़ा जिले में पंचायतीराज चुनाव के दूसरे चरण के मतदान के लिए पोलिंग पार्टियों को निर्धारित रवानगी स्थलों से संबंधित मतदान केंद्रों के लिए रवाना कर दिया गया है। छोटी सरवन, गनोड़ा, घाटोल और तलवाड़ा पंचायत समितियों और जिला परिषद सदस्यों के लिए 28 अक्टूबर को वोटिंग होगी। 139 ग्राम पंचायतों के लिए 30 अक्टूबर को सरपंच और वार्ड पंच पदों के लिए मतदान होगा। इसके लिए प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। चारों पंचायत समितियों के 379 पोलिंग स्टेशनों पर मतदान कराने के लिए 3200 से अधिक मतदान कार्मिकों की नियुक्ति की गई है। सुरक्षा के लिए पुलिस बल और मजिस्ट्रेट तैनात शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष नजर रखी जा रही है। मतदान केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे और वीडियोग्राफर लगाए गए हैं। पर्याप्त पुलिस बल, पुलिस मोबाइल पार्टियां और वरिष्ठ पर्यवेक्षी अधिकारी तैनात किए गए हैं। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों को एरिया मजिस्ट्रेट और सेक्टर मजिस्ट्रेट की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है। ​कलेक्टर बोले- उपद्रव करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई कलेक्टर डॉ. इंद्रजीत यादव ने बताया - पंचायतीराज संस्थाओं में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के मतदान के बाद सरपंच और वार्ड पंच के चुनाव व नामांकन की प्रक्रिया रहेगी। मतदान के बाद मतगणना संबंधित ग्राम पंचायत स्तर पर ही होगी। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल और मजिस्ट्रेट तैनात हैं। सीसीटीवी कैमरों और वीडियोग्राफी से निगरानी रखी जा रही है। कोई असामाजिक तत्व उपद्रव करता है या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करता है, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर ने बताया - आचार संहिता की पालना को लेकर सभी उम्मीदवारों के साथ बैठक की जा चुकी है। मतदाताओं से भयमुक्त माहौल में अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने और शांति बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।