बांसवाड़ा में पत्नी और बच्चे के साथ ससुराल जा रहे युवक को पिकअप ने कुचल दिया। टक्कर के बाद बाइक 15 फीट तक घसीटते हुए गई। युवक के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आने से मौके पर मौत हो गई। पत्नी-बच्चे के मामूली चोट आई है। हादसा आंबापुरा थाना क्षेत्र में गुरुवार रात करीब 10 बजे निचली नाल गांव पास हुआ। नोतरा कार्यक्रम में जा रहा था परिवार, रास्ते में हुआ हादसा ​आंबापुरा थाने के एएसआई रवि थापा ने बताया - आदर्श नगर गोरड़ी निवासी लाबु पुत्र सवेंग अपनी पत्नी काली और डेढ़ साल के बच्चे के साथ बाइक से ससुराल देवगढ़ जा रहा था। परिवार वहां आयोजित नोतरा कार्यक्रम में शामिल होने निकला था, लेकिन रास्ते में ही यह हादसा हो गया। पिकअप ने बाइक को 15 फीट तक घसीटा, मौके पर मौत पुलिस के अनुसार सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक को जोरदार टक्कर मारी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप बाइक को करीब 15 फीट तक घसीटते हुए ले गई। वहीं युवक को पिकअप कुचलते हुए निकल गई। सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे में बाइक पर पीछे बैठी पत्नी काली और डेढ़ साल का बच्चा भी सड़क पर गिर गए, लेकिन उन्हें केवल हल्की चोटें आईं। राहगीरों ने पहुंचाया हॉस्पिटल घटना के बाद मौके पर मौजूद राहगीरों ने तुरंत एंबुलेंस को सूचना दी और घायलों को एमजी अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। दुर्घटना में शामिल पिकअप को थाने में खड़ा करवा दिया गया है।