बांसवाड़ा में पुलिस ने ट्रैक्टर चोर गिरोह का खुलासा किया है। खास बात ये है कि चोरों को पकड़ने के लिए परिवार ने पुलिसवालों के साथ मिलकर एमपी तक सीसीटीवी खंगाले और दबिश देकर आरोपी को भी गिरफ्तार किया है। मामला सदर थाना क्षेत्र के सियापुर गांव में 5 अप्रैल का है। कल्याण सिंह ने मामला दर्ज करते हुए बताया था कि बोरवट स्थित उनके गोदाम का ताला तोड़कर बदमाश ट्रैक्टर चोरी कर ले गए थे। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। ​परिजनों ने खंगाले कैमरे ​ट्रैक्टर मालिक के परिजन दिनेश पटेल ने बताया कि ट्रैक्टर चोरी होने के बाद उन्होंने हार नहीं मानी। उन्होंने पुलिस टीम के साथ मिलकर बोरवट, कुपड़ा ब्रिज, सक्ष्म होटल, लियो चौराहा, तेजपुर और दानपुर होते हुए रतलाम तक कई सीसीटीवी फुटेज चेक की। दिनेश पटेल ने बताया कि हम लगातार तीन दिनों तक फुटेज के आधार पर चोरों का पीछा करते रहे। जब लोकेशन मध्य प्रदेश के रतलाम की ओर मिली, तो हमारा शक यकीन में बदल गया। पुलिस के सहयोग से आखिरकार हम ट्रैक्टर को लाने में सफल रहे। ​ऐसे बिछाया गया जाल ​पुलिस टीम ने मुखबिर तंत्र और सीसीटीवी की मदद से रतलाम के पास नामली रोड पर दबिश दी। जांच में सामने आया कि देवीलाल पिता गौतम डामोर निवासी गणेशीलाल पाड़ला ने ट्रैक्टर चोरी किया था और वह इसे प्रभु पिता खातू खराड़ी निवासी वाली रतलाम के जरिए नामली रतलाम के ही एक व्यक्ति दरबार को डेढ़ लाख में बेचना बताया। ट्रेक्टर बेचने में केसू पिता इंदु निवासी पातीनगरा दानपुर का सहयोग रहा। पुलिस ने प्रभु पिता खातू खराड़ी उम्र 31 साल निवासी वाली, रतलाम (एमपी) और केसू पिता इंदु निनामा उम्र 25 साल निवासी पातीनगरा, दानपुर (बांसवाड़ा) को गिरफ्तार किया है। ​सीआई रूपसिंह ने बताया कि मुख्य चोर देवीलाल पाडला और ट्रैक्टर खरीदने वाला दरबार फिलहाल फरार हैं। पुलिस की टीमें उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही हैं। इस सफल कार्रवाई में सदर थानाधिकारी रूपसिंह चारण, रमेशचंद्र, अनिल, विजयलाल, पुंजीलाल और भरतलाल की मुख्य शामिल रहे।