'मैं जा रहा हूं, कभी नहीं मिलूंगा, रो-रो कर ढूंढेगी तो भी नहीं मिलूंगा, हॉस्पिटल में मिलूंगा या ऊपर मिलूंगा, ये मेरा वादा हैं' ये कोई फिल्मी डायलॉग नहीं है, बल्कि एक युवक ने अपने खुद के इंस्टाग्राम अकाउंट पर स्टोरी डाली थी। इसके बाद पुलिस ने युवक को तीन घंटे के अंदर-अंदर गिरफ्तार कर लिया। बांसवाड़ा पुलिस लगातार सोशल मीडिया पर नजर बनाई हुई है। इसी दौरान इस कार्रवाई को अंजाम दिया है। इंस्टाग्राम के ज़रिए खुदकुशी करने की धमकी देकर गर्लफ्रेंड के लिए एक स्टोरी लिखी थी। इस पर परिजनों और जनता में दहशत फैलाने के आरोप में पुलिस ने युवक को पकड़ लिया। मामला कलिंजरा थाना सर्किल का है। अब पढ़िए पूरा मामला… कलिंजरा थानाधिकारी तेजुसिंह ने बताया- 23 जुलाई को इंस्टाग्राम पर एक यूजर आईडी से एक धमकी भरी स्टोरी अपलोड की गई थी। इस स्टोरी में यूज़र ने जहरीली दवा खाकर जान देने की धमकी दी। जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस को सूचना मिलते ही साइबर सेल और कलिंजरा पुलिस हरकत में आ गई। तकनीकी अनुसंधान के जरिए तेजी से कार्रवाई की और इंस्टाग्राम आईडी का पता लगा लिया। आरोपी को गिरफ्तार किया SHO तेजुसिंह ने बताया- पुलिस टीम ने दबिश देकर इंस्टाग्राम आईडी यूजर सुभाष पिता गौतम ताबियार, निवासी रागेलापाडा को गिरफ्तार कर लिया। ​पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने जानबूझकर यह धमकी भरी स्टोरी डाली थी। जिसका उद्देश्य परिजनों को डराना था। पुलिस की लगातार सोशल मीडिया पर नजर बांसवाड़ा पुलिस ने इस कार्रवाई के जरिए कड़ा संदेश दिया है। सोशल मीडिया पर किसी भी तरह की भड़काऊ, धमकी भरी या अफवाह फैलाने वाली पोस्ट बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस की साइबर यूनिट ऐसी हरकतों पर नज़र बनाए हुए है और कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।