बारां में शहर की कृषि उपज मंडी में लहसुन की आवक लगातार बढ़ रही है। मंगलवार को मंडी में लगभग 3 हजार क्विंटल लहसुन की आवक दर्ज की गई। आवक में वृद्धि के साथ ही बाजार में मजबूत मांग के कारण लहसुन के भावों में भी उल्लेखनीय उछाल देखा गया है। लहसुन व्यापार संघ के अध्यक्ष जगदीश बंसल ने बताया कि स्टॉकिस्टों और व्यापारियों की बढ़ती मांग से मंडी में तेजी का माहौल बना हुआ है। मंगलवार को हुई नीलामी में देशी लहसुन के भाव 9 हजार से 13 हजार रुपए प्रति क्विंटल रहे। अच्छे भाव मिलने से किसान खुश वहीं, ऊंटी लहसुन 14 हजार से 21 हजार 500 रुपए प्रति क्विंटल तक बिका। बंसल ने यह भी बताया कि लहसुन की गुणवत्ता के अनुसार अलग-अलग भाव मिल रहे हैं, जिसमें अच्छी क्वालिटी के माल को ऊंचे दाम प्राप्त हो रहे हैं। लगातार बढ़ती मांग का लाभ किसानों को भी मिल रहा है। व्यापारियों का अनुमान है कि यदि वर्तमान स्थिति बनी रहती है, तो आने वाले दिनों में लहसुन के भावों में और अधिक तेजी देखने को मिल सकती है। मंडी में बढ़ती आवक और मजबूत मांग से फिलहाल लहसुन बाजार में रौनक बनी हुई है।