बारां शहर में एक व्यापारी का दिनदहाड़े अपहरण कर उसे करीब 10 घंटे तक बंधक बनाकर 14 लाख रुपए की फिरौती वसूलने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बदमाशों ने बंदूक के दम पर व्यापारी को कार में डाला और पहले खेत, फिर एक मकान में ले गए। वहां मारपीट कर 1 करोड़ रुपए की फिरौती मांगी। रकम न देने पर जान से मारने की धमकी दी गई। आखिरकार डरे हुए व्यापारी ने परिजन के जरिए 14 लाख रुपए दिलवाए, तब जाकर उसे छोड़ा गया। ईदगाह के पास से किया अपहरण पीड़ित व्यापारी सतीश गौड़ ने शनिवार दोपहर को कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि शुक्रवार सुबह वह ईदगाह के पास गए थे। इसी दौरान कुछ युवक वहां पहुंचे, जिनमें से दो को वह पहले से पहचानते थे। आरोपियों ने पहले गाली-गलौज शुरू की और फिर बंदूक दिखाकर जबरन उन्हें कार में डाल लिया। खेत और मकान में ले जाकर मारपीट आरोपी व्यापारी को नलका और एनएच-27 होते हुए आमापुरा के एक खेत पर ले गए। वहां पहुंचने के बाद उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई और 1 करोड़ रुपए की मांग रखी गई। व्यापारी के असमर्थता जताने पर आरोपियों ने और ज्यादा दबाव बनाया और उसे पास के एक मकान में ले जाकर फिर से प्रताड़ित किया। 14 लाख की फिरौती देकर छूटा पीछा लगातार मारपीट और जान से मारने की धमकियों से डरे व्यापारी ने अपने एक परिजन के माध्यम से आरोपियों को 14 लाख रुपए दिलवाए। इसके बावजूद बदमाशों ने उसे तुरंत नहीं छोड़ा और शाम तक बंधक बनाए रखा। बाद में उसे वापस ईदगाह के पास छोड़ते हुए किसी को घटना की जानकारी देने पर जान से मारने की धमकी दी गई। पुलिस जांच में जुटी, जल्द गिरफ्तारी का दावा घटना के बाद शनिवार को सतीश गौड़ ने थाने पहुंचकर मामला दर्ज कराया। इस संबंध में डीएसपी हरिराम सोनी ने बताया कि पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज व तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों की पहचान कर जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।