शहर के चारमूर्ति सर्किल पर फव्वारे और झरने फिर से शुरू कर दिए गए हैं। नगर परिषद ने सर्किल का सौंदर्यीकरण कराया है। यहां 'आपणो बारां' और 'आई लव बारां' सेल्फी पॉइंट भी लगाए गए हैं, जिससे यह इलाका जगमगा उठा है। नगर परिषद सभापति शीतल कमल राठौर के निर्देश पर शहर के चौराहों को सुंदर बनाने का काम चल रहा है। इससे पहले स्वामी विवेकानंद सर्किल का भी सौंदर्यीकरण हुआ था। अब चारमूर्ति सर्किल को पहले जैसा सुंदर बनाने का दावा है। सभापति ने कहा कि बारां को सुंदर, स्वच्छ और विकसित बनाना उनका लक्ष्य है। उपसभापति तेजेश सुमन और पार्षद नफीसा ने बताया कि पूर्व सभापति कमल राठौर के मार्गदर्शन में सदस्य विकास कार्यों में लगे हैं। शुभारंभ कार्यक्रम सभापति की अध्यक्षता में हुआ, जिसमें पूर्व सभापति कमल राठौर मुख्य अतिथि थे। इस दौरान बड़ी संख्या में युवा पहुंचे और सेल्फी पॉइंट पर तस्वीरें लीं। पार्षद लोकेश काजीखेड़ा, केशव नागर, हरिओम बैरवा समेत कई नागरिक मौजूद थे।