बारां जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत छीपाबड़ौद थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने 313 ग्राम अवैध अफीम के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु ने बताया कि एएसपी सौरभ तिवाड़ी और वृत्ताधिकारी ताराचंद के निर्देशन में थानाधिकारी घनश्याम उप निरीक्षक अपनी टीम के साथ गश्त पर थे। इसी दौरान कस्बा छीपाबड़ौद स्थित केलखेड़ी पुलिया के पास आखाखेड़ी चौराहे की ओर से आ रही एक सीटी-100 मोटरसाइकिल पुलिस वाहन को देखकर अचानक वापस मुड़कर भागने लगी। संदेह होने पर पुलिस टीम ने मोटरसाइकिल का पीछा किया और घेराबंदी कर सवार को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान पिपलहेड़ा, थाना छीपाबड़ौद निवासी घनश्याम (38) पुत्र फूलचंद लोधा के रूप में बताई। तलाशी लेने पर आरोपी के पास एक सफेद पॉलीथीन में काले रंग का तरल पदार्थ मिला। जांच और तौल करने पर यह 313 ग्राम अवैध अफीम पाई गई। पुलिस ने आरोपी घनश्याम को मौके से गिरफ्तार कर अफीम और तस्करी में प्रयुक्त बाइक जब्त कर ली है। इस संबंध में छीपाबड़ौद थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच छबड़ा थानाधिकारी राजेश खटाना कर रहे हैं। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि अफीम कहां से लाई गई थी और इसे किसे सप्लाई किया जाना था। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा।