नीट पेपर लीक मामले को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे छात्र आंदोलन के समर्थन में श्रीगंगानगर के पदमपुर में किया गया सड़क जाम अब कांग्रेस नेताओं पर भारी पड़ गया है। पदमपुर थाना पुलिस ने कांग्रेस जिलाध्यक्ष व श्रीकरणपुर विधायक रूपिंदर सिंह कुन्नर, सूरतगढ़ विधायक डूंगरराम गेदर और एनएसयूआई जिलाध्यक्ष ईशानवीर सिंह मान समेत 15 लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया है। इसके अलावा 150 से 200 अन्य अज्ञात कार्यकर्ताओं को भी आरोपी बनाया गया है। मामले की जांच अब CID-CB, जयपुर को सौंप दी गई है। दिल्ली आंदोलन के समर्थन में हुआ था प्रदर्शन 22 जुलाई को दिल्ली और राजस्थान में कांग्रेस पदाधिकारियों की गिरफ्तारी के विरोध और जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों के समर्थन में पदमपुर के सीसी हेड पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया था। पुलिस के अनुसार यह प्रदर्शन विधायक रूपिंदर सिंह कुन्नर के आह्वान पर किया गया था। इन धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 285 (खतरे की सूचना दिए बिना सड़क अवरुद्ध करना) और धारा 189(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। रूपिंदर सिंह कुन्नर के अलावा 13 अन्य लोगों को नामजद किया गया है, जबकि 150 से 200 अन्य अज्ञात कार्यकर्ताओं को भी आरोपी बनाया गया है। इन नेताओं और कार्यकर्ताओं को बनाया आरोपी नामजद आरोपियों में विधायक रूपिंदर सिंह कुन्नर, विधायक डूंगरराम गेदर, दुष्यंत शर्मा (घमूड़वाली), जगतार सिंह समरा, बंटी नायक (मांझूवास), पूर्णचंद कंबोज (54 एफ), नवाब खान, ईशानवीर सिंह मान, हंसराज खटक (25 बीबी), बलजीत सिंह उप्पल (45 आरबी), सतपाल सिंह (1 सीसी), भूपेंद्र सिंह (5 केके), सुनीता गोदारा (रायसिंहनगर), दीपक अग्रवाल (श्रीकरणपुर) और रामस्वरूप मांझु (रिडमलसर) शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि पूरे मामले की जांच अब CID-CB, जयपुर करेगी।