बारां में पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए जिला न्यायालय परिसर में बुधवार को एक वृहद पौधारोपण अभियान चलाया गया। जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष सत्यनारायण टेलर के नेतृत्व में न्यायिक अधिकारियों और न्यायालय कर्मचारियों ने छायादार एवं फलदार पौधे लगाए। इस दौरान सभी ने लगाए गए पौधों के संरक्षण, नियमित सिंचाई और देखभाल का संकल्प भी लिया। अभियान को संबोधित करते हुए जिला एवं सत्र न्यायाधीश सत्यनारायण टेलर ने वृक्षों के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण का हिस्सा नहीं हैं, बल्कि मानव जीवन, शुद्ध वायु और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का आधार हैं। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि केवल पौधा लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसे वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखना हर व्यक्ति की जिम्मेदारी है। इस अवसर पर यह भी निर्णय लिया गया कि जिला न्यायालय परिसर में प्रत्येक बुधवार को नियमित रूप से पौधारोपण किया जाएगा। इसके साथ ही, लगाए गए पौधों की सुरक्षा, सिंचाई और रखरखाव की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण इस अभियान के माध्यम से हरित न्यायालय परिसर विकसित करने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपने सामाजिक दायित्व को पूरा करने का प्रयास करेगा। इस पौधारोपण अभियान में विशिष्ट न्यायाधीश रूबीना परवीन अंसारी, पारिवारिक न्यायालय के न्यायाधीश शिवचरण मीणा, विशिष्ट न्यायाधीश रमेश कुमार अटल, लोकेश कुमार शर्मा, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव हिना परिहार, एडीजे प्रमोद कुमार शर्मा, एडीजे गौरव शर्मा, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अमरजीत सिंह, न्यायिक मजिस्ट्रेट अभय बसल और अतिरिक्त न्यायिक अधिकारी प्रियंका बाजपेयी सहित सभी न्यायिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सक्रिय भागीदारी की।