बारां में ट्रक ड्राइवरों के सम्मान और उनकी बेहतर स्थिति के लिए 'ड्राइवर गरिमा सम्मान समारोह' मनाया गया। इस कार्यक्रम में ट्रक ड्राइवरों को माला पहनाकर सम्मानित किया गया और उनके योगदान को सराहा गया। यातायात पुलिस के टीआई अब्दुल कलाम ने समारोह को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि ट्रक ड्राइवर देश की अर्थव्यवस्था का जरूरी हिस्सा हैं। वे दिन-रात मेहनत करके आवश्यक सामान को एक जगह से दूसरी जगह पहुंचाते हैं। टीआई कलाम ने ड्राइवरों के सम्मान और सुरक्षा के लिए सभी को जागरूक रहने की बात कही। ट्रक यूनियन अध्यक्ष मन्नू पठान ने कहा कि ड्राइवर समाज का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। उन्हें खुद को समाज से अलग नहीं समझना चाहिए। उन्होंने बताया कि ड्राइवरों के सम्मान, सामाजिक स्थिति और उन्नति को ध्यान में रखकर यह कार्यक्रम किया गया है। पठान ने ड्राइवरों से अपील की कि वे अपने स्वास्थ्य और परिवार के भविष्य का ध्यान रखें। उन्हें नशे और ताश-पत्ती जैसी बुरी आदतों से दूर रहना चाहिए। उन्होंने ड्राइवरों से यातायात नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित गाड़ी चलाने को भी कहा।