बारां नगर परिषद के अग्निशमन अनुभाग ने गुरुवार को फायर सेफ्टी नियमों के उल्लंघन पर बड़ी कार्रवाई करते हुए कॉलेज रोड तिराहा स्थित द स्काई हाई रूफटॉप रेस्टोरेंट और कोटा रोड स्थित श्रीराम होंडा शोरूम को सीज कर दिया। जांच में दोनों प्रतिष्ठानों में अनिवार्य फायर फाइटिंग सिस्टम, अग्निशमन उपकरण और अन्य सुरक्षा व्यवस्थाएं नहीं मिलीं। कार्रवाई के बाद रेस्टोरेंट वाले भवन के आवासीय हिस्से के भी सीज होने से वहां रहने वाले लोगों ने प्रशासन से राहत की मांग की है। जांच में मिली गंभीर खामियां असिस्टेंट फायर ऑफिसर राम सिंह मीणा ने बताया कि निरीक्षण के दौरान दोनों प्रतिष्ठानों में फायर सेफ्टी के आवश्यक इंतजाम नहीं पाए गए। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए तत्काल प्रभाव से सीज की कार्रवाई की गई। जिलेभर में जारी रहेगा अभियान नगर परिषद ने स्पष्ट किया कि होटल, रेस्टोरेंट, शोरूम और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में फायर सेफ्टी मानकों का पालन अनिवार्य है। नियमों की अनदेखी बड़े हादसों का कारण बन सकती है। विभाग ने चेतावनी दी है कि जिलेभर में फायर सेफ्टी जांच अभियान जारी रहेगा और मानकों का पालन नहीं करने वाले संस्थानों पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई होगी। रहवासियों ने मांगी राहत द स्काई हाई रूफटॉप रेस्टोरेंट जिस भवन में संचालित है, उसी में कुछ कर्मचारी और अन्य लोग भी निवास करते हैं। उनका कहना है कि कार्रवाई के दौरान रेस्टोरेंट के साथ आवासीय हिस्से को भी सीज कर दिया गया, जिससे उनके सामने रहने का संकट खड़ा हो गया है। रहवासियों ने प्रशासन से आवासीय हिस्से को अलग कर राहत देने की मांग की है।