बारां जिले में राष्ट्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (एनसीबी) जयपुर और राजस्थान एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने एक संयुक्त कार्रवाई की है। शाहाबाद क्षेत्र के मुंडियार टोल प्लाजा पर करीब 150 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया है। इस मामले में चार तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। जब्त गांजे का वजन 149.862 किलोग्राम है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 75 लाख रुपए बताई जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह गांजे की खेप ओडिसा से जयपुर ले जाई जा रही थी। एएनटीएफ के आईजी विकास कुमार ने बताया कि एनसीबी जयपुर के साथ मिलकर इस नेटवर्क पर कई दिनों से निगरानी रखी जा रही थी। आरोपी खिलौने बेचने के बहाने उड़ीसा और छत्तीसगढ़ जाते थे, जहां से वे सस्ते दामों पर गांजा खरीदकर राजस्थान में आपूर्ति करते थे। टीम ने आरोपियों का पीछा ओडिसा से ही शुरू किया। वे रायपुर से ट्रेन के जरिए झांसी पहुंचे और वहां से एक पिकअप वाहन किराए पर लेकर राजस्थान की ओर रवाना हुए। सूचना के आधार पर मुंडियार टोल प्लाजा पर घेराबंदी कर वाहन को रोका गया। तलाशी के दौरान यात्रा के सामान के बीच छिपाकर रखे गए गांजे के 50 पैकेट बरामद हुए। पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी कोटा, जयपुर और भरतपुर सहित कई जिलों में गांजे की आपूर्ति करते थे। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में कालूलाल, रेणु, नरेश और लोकेश शामिल हैं। ये सभी बारां जिले के निवासी हैं। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है।