बारां में पुलिस ने शारदीय नवरात्र में होने वाले गरबा-डांडिया कार्यक्रमों के लिए सख्त निर्देश दिए हैं। इन आयोजनों को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से कराने के लिए आयोजकों की बैठक बुलाई गई थी। एसपी अभिषेक अंदासु ने बताया कि यह बैठक थाना कोतवाली में हुई। इसमें सीआई रोहिताश देवंदा और थानाधिकारी हीरालाल पुनियां भी मौजूद रहे। बदमाशों पर खास नजर रखने के निर्देश आयोजकों को कहा गया है कि कार्यक्रम में सिर्फ सांस्कृतिक और परंपरा के हिसाब से ही गाने-संगीत बजाएं। एंट्री युगल और तय नियमों के हिसाब से ही दें। बदमाशों पर खास नजर रखी जाए। कार्यक्रम तय समय में खत्म होना चाहिए। कोर्ट के आदेश के मुताबिक, रात 10 बजे तक ही धीमी आवाज में डीजे-स्पीकर पर गाने-संगीत बजाएं। कानून-व्यवस्था बिगड़ने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें। पुलिस ने साफ किया है कि निर्देश नहीं मानने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी।