बारां में हनुमान जन्मोत्सव गुरुवार को श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर शहर के श्रीराम स्टेडियम से बड़ा बालाजी धाम तक विशाल पदयात्रा निकाली जाएगी। यह पदयात्रा दोपहर 1 बजे श्रीराम स्टेडियम से रवाना होगी। अंता विधायक एवं पूर्व मंत्री प्रमोद जैन भाया और कार्यक्रम संयोजक एवं पूर्व विधायक पानाचंद मेघवाल ने बताया कि यह पदयात्रा अपने दसवें वर्ष में प्रवेश कर रही है। उन्होंने सभी सनातन धर्मप्रेमी बंधुओं, हिन्दू सामाजिक संगठनों और जिलेवासियों से पदयात्रा में शामिल होकर पुण्य लाभ अर्जित करने का आग्रह किया है। पदयात्रा में मियाड़ा, कोयला, बोहत, ईश्वरपुरा, हिंगोनिया, रायथल, सीसवाली, मांगरोल, सीमली, सांकली, विजयपुर, आंखेड़ी, बोरेड़ी, चैनपुरिया, बमूलियां, तिसाया, भैरूपुरा, मजरावता, खेड़ली भेड़ोलिया सहित विभिन्न गांवों से आने वाले श्रद्धालुओं का बड़ा बालाजी धाम पर तिलक, माल्यार्पण और शरबत पिलाकर स्वागत किया जाएगा। इस पदयात्रा में हाड़ौती मंडल अध्यक्ष महामंडलेश्वर रामनरेशदास महाराज, महामंडलेश्वर लक्ष्मणदास महाराज सीसवाली, महंत फरसा वाले महाराज तपस्वीजी शाहाबाद, महंत मधुसूदनदास, धर्मदास महाराज, हनुमानदास महाराज, कल्याणदास महाराज, महंत रामदास महाराज लटूरी, हाड़ौती मंडल कोतवाल, महंत माधवदास राधापुरा सहित जिले के कई संत उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम के तहत गुरुवार शाम श्री बड़ा बालाजी मंदिर परिसर में महाप्रसादी एवं मांगलिक भोज का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही सामूहिक संगीतमय सुंदरकांड पाठ और भव्य महाआरती भी होगी। पदयात्रियों एवं श्रद्धालुओं के लिए जनसहयोग से भोजन तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।