बारां जिले के भवरगढ़ थाना क्षेत्र के ढीकोनिया गांव में शुक्रवार देर रात बिजली का तार टूटने से कई घरों में अचानक हाई वोल्टेज करंट दौड़ गया था। इससे एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक बालिका झुलस गई। जानकारी के अनुसार अचानक करंट दौड़ने से ढीकोनिया निवासी पप्पुलाल पुत्र सूरजमल सहरिया की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना में 12 वर्षीय खुशी पुत्री किशनलाल भी करंट की चपेट में आकर झुलस गई, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कुछ अन्य ग्रामीणों ने भी अपने घरों में करंट फैलने की शिकायत की है। शनिवार को पुलिस ने मृतक का पोस्टमॉर्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। हादसे से आक्रोशित परिजन और ग्रामीण युवक का शव लेकर एईएन कार्यालय पहुंचे और नारेबाजी करते हुए धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर क्षेत्रीय विधायक ललित मीणा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली और बिजली निगम के अधिकारियों की लापरवाही पर नाराजगी व्यक्त की। विधायक ने अधिकारियों को त्वरित समाधान करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के निर्देश दिए। उन्होंने निगम के उच्चाधिकारियों से चर्चा कर पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की। बाद में अधिकारियों द्वारा मृतक के आश्रितों और घायल बालिका को नियमानुसार मुआवजा देने के आश्वासन के बाद धरना समाप्त कर दिया गया।