बारां जिला मुख्यालय पर गुरुवार शाम भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और बहन सुभद्रा की रथयात्रा निकाली जाएगी। महोत्सव के लिए समिति और प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस बार प्रताप चौक पर भगवान की महाआरती और राधा-कृष्ण रास का विशेष आयोजन होगा। श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण की भी व्यवस्था की गई है। रथयात्रा से पहले दोपहर 12 बजे प्यारेरामजी मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। परंपरा के अनुसार, रियासतकालीन तोप दागकर रथयात्रा का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर विधायक राधेश्याम बैरवा, भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश सिंह सिकरवार, पूर्व जिला प्रमुख नंदलाल सुमन सहित कई जनप्रतिनिधि और श्रद्धालु उपस्थित रहे। देवस्थान विभाग के मैनेजर राजकुमार विजय ने बताया कि शाम 4 बजे प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा भगवान का पूजन करने के बाद रथयात्रा मंदिर से रवाना होगी। रथ को एक दिन पहले ही आकर्षक ढंग से सजाया जा चुका है। यह यात्रा प्यारेरामजी मंदिर से शुरू होकर धर्मादा चौराहा, सदर बाजार, चौमुखा बाजार, श्रीजी चौक, सब्जी मंडी, इंद्रा मार्केट, प्रताप चौक, विक्रम चौक और दीनदयाल पार्क होते हुए पुनः मंदिर पहुंचेगी। यात्रा में आकर्षक झांकियां, भजन मंडलियां, बैंड-बाजे और घुड़सवार दल भी शामिल रहेंगे। रथयात्रा के पूरे मार्ग पर पुलिस ने सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए हैं ताकि यात्रा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।