बारां कृषि उपज मंडी में मंगलवार को गेहूं की बंपर आवक दर्ज की गई। करीब 60 हजार कट्टों से अधिक गेहूं पहुंचने से मंडी दिनभर खचाखच भरी रही। आवक बढ़ने के कारण गेहूं के दामों में नरमी आई, जबकि लहसुन के भाव मजबूत बने रहे। मंडी अध्यक्ष लश्करी ने बताया कि मंगलवार को गेहूं के साथ लहसुन की आमद भी बढ़कर करीब 2500 क्विंटल तक पहुंच गई। किसानों की भारी मौजूदगी के चलते नीलामी प्रक्रिया तेज रही और मंडी में खरीदी का माहौल बना रहा। नीलामी के दौरान गेहूं के भाव 2290 से 2700 रुपए प्रति क्विंटल दर्ज किए गए। वहीं, लहसुन के दाम 2800 से लेकर 13600 रुपए प्रति क्विंटल तक पहुंचे, जिससे लहसुन उत्पादक किसानों को राहत मिली। हालांकि, मंडी में इन दिनों धनिया की नीलामी पूरी तरह ठप पड़ी है। मंडी क वर्ग व्यापार संघ के अध्यक्ष मनीष लश्करी ने बताया कि सरकार द्वारा आढ़त को 2.25% से घटाकर 1% और मंडी टैक्स को 1.60% से घटाकर 0.50% किए जाने के विरोध में व्यापारी आंदोलन कर रहे हैं। इस आंदोलन का असर हाड़ौती की कई मंडियों जैसे बारां, कोटा, बूंदी, रामगंजमंडी, भवानीमंडी, अटरू और झालरापाटन में भी देखने को मिला। कुछ मंडियों में आपसी सहमति से नीलामी शुरू हो गई है, लेकिन बारां मंडी में अभी भी धनिया की नीलामी बंद है, जिससे किसानों की फसल बिक्री प्रभावित हो रही है।